बिजली संकट से जूझते बांदा को 32.50 करोड़ की परियोजना का सहारा, ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ाने की कवायद तेज आमोद कुमार


बिजली संकट से जूझते बांदा को 32.50 करोड़ की परियोजना का सहारा, ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ाने की कवायद तेज
आमोद कुमार 
बांदा। बिजली किसी भी क्षेत्र के विकास की जीवनरेखा है। खेतों में सिंचाई से लेकर घरों की रोशनी और उद्योगों की रफ्तार तक सब कुछ मजबूत विद्युत व्यवस्था पर निर्भर करता है। ऐसे में लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्याओं से जूझ रहे बांदा के लिए 32.50 करोड़ रुपये की ट्रांसमिशन परियोजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। योगी सरकार के नेतृत्व में जिले की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नई पहल की गई है।उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा मौजूदा 400/220 केवी उपकेंद्र बांदा में 220/132 केवी विभव स्तर के उच्चीकरण और नई ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने परियोजना को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
बिजली के ढांचे को मजबूती देने की तैयारी
परियोजना के तहत ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिजली आपूर्ति को अधिक स्थिर और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। क्षमता में वृद्धि से घरेलू उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने, किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर बिजली उपलब्ध होने और स्थानीय उद्योगों को निर्बाध आपूर्ति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।वादों से आगे परिणाम की दरकार
बुंदेलखंड में बिजली की उपलब्धता केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि खेती, रोजगार और आर्थिक प्रगति से जुड़ा सवाल है। करोड़ों रुपये की परियोजनाएं तभी सार्थक मानी जाएंगी, जब उनका लाभ कागजी आंकड़ों से निकलकर आम उपभोक्ता के घर, किसान के खेत और कारोबारी के प्रतिष्ठान तक पहुंचेगा।32.50 करोड़ रुपये की लागत और 31 दिसंबर की समयसीमा ने उम्मीदें जरूर जगाई हैं, लेकिन असली परीक्षा निर्माण पूरा होने के बाद होगी। जनता को परियोजना की लागत या सरकारी दावों से ज्यादा मतलब उस बिजली से है, जो बिना बार-बार आंख-मिचौली खेले घरों और खेतों तक पहुंचे। बांदा को अब घोषणाओं की चमक नहीं, बिजली व्यवस्था में जमीन पर दिखाई देने वाला बदलाव चाहिए।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।