सारंगढ़ को 5.49 करोड़ की विकास सौगात, 15 कार्यों को मिली मंजूरी
11 बीटी सड़कें, 2 सीसी सड़कें और 2 पुलियों का होगा निर्माण; शहर के कई वार्डों में सुधरेगी आवागमन की सुविधा
अब तक न्याय/ चित्रसेन घृतलहरे
सारंगढ़। जिला मुख्यालय सारंगढ़ के विकास को गति देने के लिए राज्य शासन ने बड़ी सौगात दी है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा सारंगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में 15 महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए कुल 5 करोड़ 49 लाख 83 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए यह स्वीकृति प्रदान की गई है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभागीय संचालनालय ने स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में अधोसंरचना मद से स्वीकृत इस राशि से शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण और पुलियों का निर्माण कराया जाएगा। इससे नागरिकों को बेहतर सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सड़क और पुलिया निर्माण पर होगा खर्च
स्वीकृत राशि में 4 करोड़ 8 लाख 90 हजार रुपए की लागत से 11 बीटी सड़कों का निर्माण, 60 लाख 10 हजार रुपए की लागत से दो सीसी सड़कें तथा 80 लाख 83 हजार रुपए की लागत से दो पुलियों का निर्माण शामिल है। इन कार्यों से शहर के प्रमुख मार्गों के साथ विभिन्न वार्डों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।
इन वार्डों में होंगे विकास कार्य
नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 1 में कॉलेज रोड से जेल रोड तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 25 लाख 61 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वार्ड क्रमांक 2 एवं 3 में सिविल कोर्ट से गौरव पथ अपेक्स बैंक तक बीटी सड़क के लिए 40 लाख 9 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
वार्ड क्रमांक 4 एवं 5 में जनपद पंचायत कार्यालय से इंडोर स्टेडियम तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 48 लाख 12 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक 5 में सीसी सड़क निर्माण के लिए 11 लाख 98 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है।
वार्ड क्रमांक 7 में बीटी सड़क निर्माण के लिए 31 लाख 71 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक 7 एवं 13 में ठाकुर राउर चौक से रायपुर रोड नाका नंबर 5 तक सड़क निर्माण के लिए 47 लाख 69 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में अटल परिसर से नंदा चौक तक बीटी सड़क के लिए 37 लाख 87 हजार रुपए तथा अटल परिसर से आजाद चौक तक सड़क निर्माण के लिए 35 लाख 20 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
वार्ड क्रमांक 8, 9, 12 एवं 13 में नंदा चौक से दौलत चौक होते हुए शनि मंदिर तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 36 लाख 15 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक 9, 10 एवं 12 में साप्ताहिक दैनिक बाजार से देवघरा चौक तक सड़क निर्माण के लिए 49 लाख 92 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
बुटीपारा से कमला नगर तक बनेगा संपर्क मार्ग
वार्ड क्रमांक 11 में बुटीपारा से कमला नगर को जोड़ने वाली सड़क के लिए 67 लाख 93 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही घोघरा नाला के पास आरसीसी पुलिया निर्माण के लिए 12 लाख 90 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
वार्ड क्रमांक 12 में छोटे मठ से कमला नगर इंदिरा चौक तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 45 लाख 8 हजार रुपए, वार्ड क्रमांक 13, 14 एवं 15 में अस्पताल चौक पैलपारा से शहीद स्मारक तक सड़क निर्माण के लिए 17 लाख 95 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक 15 में बीटी सड़क निर्माण के लिए 40 लाख 63 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
शहर की सड़क व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
राज्य शासन की इस स्वीकृति से सारंगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में सड़क और पुलिया निर्माण के कार्यों को गति मिलेगी। विभिन्न वार्डों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने से आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में राहत मिलने की संभावना है। शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: