बाल विवाह के खिलाफ गाजीपुर में जागी जागरूकता की अलख, सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जागरूकता रथ
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के सभी ब्लॉकों और गांवों में चलेगा जागरूकता अभियान, लोगों को दिलाई गई सामाजिक कुरीति खत्म करने की शपथ
गाजीपुर, 27 नवंबर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए गाजीपुर में जागरूकता की मुहिम तेज कर दी गई है। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई और समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक संचालित इस अभियान का उद्देश्य बाल विवाह, अनाथ विवाह एवं जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगाना है। 27 नवंबर को बाल विवाह उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
अभियान को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए जनपद के सभी ब्लॉकों और ग्रामों तक पहुंचाने की पहल की गई है। जागरूकता रथ के माध्यम से गांव-गांव लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि बाल विवाह के खिलाफ सामाजिक चेतना विकसित हो और इस कुरीति को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जा सकें।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पाठक, गीता श्रीवास्तव, बाल संरक्षण अधिकारी जुनैद खान, बाल अधिकार सहयोगी तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों सहित नव भारतीय नारी विकास समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि बाल विवाह को सामाजिक परंपरा या पारिवारिक मामला समझकर नजरअंदाज न करें, बल्कि बच्चों के अधिकारों और उनके सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए इसके उन्मूलन में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
संदेश साफ है—बचपन को विवाह के बंधन में नहीं, बल्कि शिक्षा, सुरक्षा और सपनों के पंखों के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। बाल विवाह मुक्त गाजीपुर की दिशा में समाज की जागरूकता ही सबसे बड़ी ताकत बनेगी
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: