जरारी में आज सजेगा कुश्ती का महामुकाबला, प्रदेश भर के नामी पहलवान दिखाएंगे दमखम
अब तक न्याय/ रोहित गंगवार
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। विकासखंड कमालगंज के ग्राम जरारी में आज दोपहर 2 बजे से एक विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन होने जा रहा है। इस पारंपरिक खेल महाकुंभ में हिस्सा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से नामी-गिरामी पहलवानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। अखाड़े में होने वाले इन रोमांचक मुकाबलों को लेकर पूरे क्षेत्र के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस भव्य आयोजन की कमान मोहम्मद तस्कीन, सुमन भाई और दंगल कमेटी के अन्य सदस्यों ने संभाली है। आयोजक मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी शिरकत करेंगी। इनमें पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी और वरिष्ठ समाजवादी नेता डॉ. जेपी सिंह वर्मा लोधी मुख्य रूप से शामिल हैं, जो अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करेंगे।
दंगल कमेटी के पदाधिकारियों ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा से लेकर दर्शकों के बैठने तक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस दंगल का आनंद लेने के लिए जरारी के अलावा आसपास के दर्जनों गांवों और दूर-दराज के इलाकों से हजारों की संख्या में दर्शक जुटेंगे। दोपहर ठीक दो बजे अतिथियों के आगमन और पारंपरिक रस्मों के साथ पहलवानों के बीच जोर-आजमाइश का दौर शुरू हो जाएगा।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: