अमृतपुर की बदहाल मुख्य सड़क कब सुधरेगी? स्वीकृति के बावजूद काम शुरू न होने से ग्रामीणों में रोष


अमृतपुर की बदहाल मुख्य सड़क कब सुधरेगी? स्वीकृति के बावजूद काम शुरू न होने से ग्रामीणों में रोष
अब तक न्याय/रोहित गंगवार 
अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। कस्बे की मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़ी हुई है, जिससे आम नागरिकों का निकलना दूभर हो गया है। सड़क पर बने गहरे गड्डों, पसरे कीचड़ और जलभराव के कारण राहगीरों, वाहन चालकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को प्रतिदिन भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार समस्या को लेकर कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं हो सकी है।
कस्बावासियों का कहना है कि मार्ग की खराब स्थिति के चलते वाहन आए दिन गड्डों में फंस जाते हैं। कुछ समय पहले एक सरकारी गाड़ी भी यहां फंस गई थी, जिसे श्याम मनोहर अवस्थी ने ट्रैक्टर के जरिए बाहर निकलवाया। लोगों का यह भी दावा है कि उसी दिन चार अन्य वाहन भी इस मार्ग पर फंस गए थे। स्थानीय निवासी अनिल सक्सेना और किशन अवस्थी का कहना है कि बारिश के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है तथा पैदल चलना तक कठिन हो जाता है। इसी मार्ग के समीप स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे भी रोज इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। सड़क किनारे राजीव अवस्थी, रामसेवक भारद्वाज, संजू प्रजापति, छोटेलाल, धर्मवीर पटवा, पम्मू और रघुवीर सहित कई परिवार निवास करते हैं, जिन्हें रोजाना आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
मार्ग निर्माण की मांग को लेकर ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार सिंह चौहान ने भी पत्र सौंपने के साथ अधिकारियों से वार्ता कर इस मुद्दे को उठाया है। वहीं, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने एक से डेढ़ माह के भीतर कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई थी। ग्रामीण राजीव कुमार ने बताया कि सड़क पर लंबे समय तक पानी भरा रहने से मच्छर पनपने और संक्रामक बीमारियों फैलने का अंदेशा बना रहता है। दूसरी ओर, एमएलसी प्रांशुदत्त द्विवेदी ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही काम शुरू कराया जाएगा। हालांकि, बार-बार मिलने वाले आश्वासनों के बावजूद जमीनी स्तर पर काम शुरू न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है और वे जल्द से जल्द निर्माण कार्य व जल निकासी की ठोस व्यवस्था शुरू कराने की मांग कर रहे हैं।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।