गाजीपुर। जनपद में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आटा चक्कियों पर हो रही बिजली चोरी का खुलासा किया है। औचक छापेमारी के दौरान कहीं बिना कनेक्शन के सीधे बिजली के खंभे से कटिया जोड़कर मोटर चलाई जा रही थी, तो कहीं मीटर को बाईपास कर अवैध केबल के जरिए बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। विजिलेंस की इस कार्रवाई से संबंधित क्षेत्रों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (विजिलेंस) के निर्देश पर बिजली चोरी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विजिलेंस टीम प्रभारी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर मोहम्मदाबाद और नोनहरा थाना क्षेत्रों में स्थित दो आटा चक्कियों पर एक साथ छापेमारी की।
जांच के दौरान मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र की एक आटा चक्की में बिना किसी वैध विद्युत कनेक्शन के सीधे बिजली के खंभे से कटिया जोड़कर 5 एचपी की मोटर संचालित होती मिली। वहीं, नोनहरा थाना क्षेत्र की दूसरी आटा चक्की में लगे बिजली मीटर को बाईपास कर अतिरिक्त अवैध केबल के माध्यम से बिजली का उपभोग किया जा रहा था। दोनों स्थानों की जांच में लगभग 8 किलोवाट का विद्युत भार चोरी की बिजली से संचालित होता पाया गया।
विजिलेंस टीम ने मौके पर पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई तथा अवैध रूप से लगाए गए केबलों को कटवाकर जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों आटा चक्की संचालकों समेत इस मामले में संलिप्त अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया।
इस संबंध में प्रवर्तन दल के अवर अभियंता प्रवीण कुमार यादव ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। साथ ही बिजली बिलों का समय से भुगतान करें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी बिजली चोरी की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना विद्युत विभाग को अवश्य दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल सुभाष चंद्र भारती, कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल विष्णु भगवान गौड़ सहित प्रवर्तन दल के अन्य सदस्य शामिल रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: