ग्राम पंचायत ब्वाड़े में उत्साहपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस, लगभग 50 लोगों ने लिया हिस्सा
ग्राम पंचायत ब्वाड़े में आज 26 नवंबर को फेलो तारिक नसीम और सौहार्द मंच के तत्वावधान में समुदाय के बीच संविधान दिवस के अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गोष्ठी का उद्देश्य समुदाय के लोगों को भारतीय संविधान के महत्व, उसमें निहित अधिकारों तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फेलो तारिक नसीम ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को पूरे देश में संविधान दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को भारतीय संविधान के प्रति जागरूक करना तथा संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है।
इसी क्रम में मेंटर साकिब जी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार देता है। साथ ही समाज के हाशिए पर रहने वाले और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए आरक्षण जैसी व्यवस्थाएं प्रदान करता है। इसका मूल उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराना और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना है।
गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे ग्राम प्रधान सुनील राम जी ने कहा कि तारिक नसीम जी की टीम समुदाय के बीच बहुत ही सराहनीय कार्य कर रही है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह लोगों को उनके अधिकारों और संविधान के प्रति जागरूक करे, ताकि एक समानता और भाईचारे पर आधारित समाज का निर्माण हो सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा संविधान के मूल्यों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया। इसके पश्चात सभी उपस्थित लोगों को जलपान कराया गया।
इस अवसर पर लगभग 50 महिला, पुरुष एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने समुदाय के लोगों को संविधान के महत्व को समझने और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान किया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: