राजा महेंद्र प्रताप सिंह के योगदान को याद करेगी जाट महासभा, ट्रांस यमुना कॉलोनी में होगा आयोजन
अर्जुन रौतेला आगरा। अखिल भारतीय जाट महासभा की ओर से महान स्वतंत्रता सेनानी राजा महेंद्र प्रताप सिंह की 140वीं जयंती एक दिसंबर 2026 को धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित 23 अमरकुंज, अंबे हॉस्पिटल के पास विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर एक बजे से शुरू होगा।
प्रेसवार्ता में कार्यक्रम संयोजक डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने उन्हें आजाद हिंद फौज का संस्थापक एवं अखंड भारत का प्रथम राष्ट्रपति बताते हुए उनके विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अखिल भारतीय जाट महासभा के जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने बताया कि जयंती समारोह के माध्यम से राजा महेंद्र प्रताप सिंह के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक योगदान पर विचार साझा किए जाएंगे। उन्होंने समाज के लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। विचार गोष्ठी में समाज के गणमान्य लोग एवं प्रबुद्धजन शामिल होकर राजा महेंद्र प्रताप सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालेंगे।
प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय जाट महासभा युवा अध्यक्ष डॉ. महेश चौधरी, आगरा जिला अध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष निर्मल चाहर, ओमप्रकाश सिकरवार, तोरन सिंह, रामप्रकाश आर्य, छत्रपाल फौजी आदि उपस्थित रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: