पत्रकार विकास कुमार अब तक न्याय समाचार पत्र
लखनऊ। वाहन चालान से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। आगामी 28 नवंबर 2026 (शनिवार) को जनपद न्यायालय लखनऊ में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicle Act) के अंतर्गत लंबित ट्रैफिक चालान से संबंधित वादों का त्वरित एवं सुगम निस्तारण किया जाएगा।
माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह के कुशल मार्गदर्शन में इस विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सोनाली पुनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित लंबित चालान के मामलों का शीघ्र निस्तारण कर वादकारियों को जल्द न्याय उपलब्ध कराना है। इससे जहां आम लोगों को राहत मिलेगी, वहीं न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद के समस्त वाहन चालकों एवं वादकारियों से अपील की गई है कि जिनके वाहन चालान से संबंधित मामले न्यायालय में लंबित हैं, वे 28 नवंबर को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत में स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होकर अपने मामलों का निस्तारण कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।
विशेष लोक अदालत वाहन चालान से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण के लिए आम जनता को शीघ्र न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: