पत्रकार विकास कुमार अब तक न्याय समाचार पत्र
लखनऊ, 25 नवंबर। आगामी निर्वाचन को लेकर मतदाता सूची को पूरी तरह दुरुस्त और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी ने बुधवार को खुद मैदान में उतरकर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और बीएलओ के कार्यों की जमीनी हकीकत परखी डीएम के इस निरीक्षण से निर्वाचन कार्यों में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों में सक्रियता देखने को मिली।
जिलाधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र-172 लखनऊ उत्तर के अलीगंज मांटेसरी स्कूल स्थित मतदेय स्थल संख्या 211 212 और 213 तथा प्राथमिक विद्यालय चांदगंज स्थित बूथ संख्या 218 और 219 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी बूथों पर संबंधित बीएलओ उपस्थित मिले। डीएम ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर सर्वे करने एएसडी सूची में दर्ज मतदाताओं का सत्यापन करने और पहली बार वोट डालने की पात्रता हासिल कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे पात्र नागरिकों की भी पहचान करने को कहा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। डीएम ने साफ निर्देश दिए कि प्राप्त फॉर्मों की फीडिंग उसी दिन पूरी की जाए जिससे कोई आवेदन लंबित न रहे।
राजनीतिक दलों से भी मांगा सहयोग
निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई इसमें डीएम ने कहा कि मतदाता सूची को निष्पक्ष पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। सभी दल अपने-अपने बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करें ताकि बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर पुनरीक्षण का कार्य बेहतर तरीके से कराया जा सके।
28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि आगामी 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा इस दौरान सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर मौजूद रहेंगे उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अपील की कि वे अपने बीएलए के माध्यम से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें।
प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे और मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: