एक शाम ज़ुबान-ए-उर्दू के नाम
अदबी महफ़िल में शायरों ने अपने कलाम से बांधा समां, उर्दू ज़बान की तरक़्क़ी और नई नस्ल की अदबी तरबियत पर हुई गुफ़्तगू
तुलसीपुर, बलरामपुर। अदबी संगम तुलसीपुर एवं सबकी आवाज़ फाउंडेशन के ज़ेरे-ए-एहतिमाम बीती शाम मशहूर शायर शाहरुख़ साहिल तुलसीपुरी के निवास स्थान पर एक शाम ज़ुबान-ए-उर्दू के नाम शीर्षक से एक शानदार महफ़िल-ए-मुशायरा का आयोजन किया गया। इस अदबी महफ़िल में इलाक़े के नामचीन शायरों, साहित्यकारों और उर्दू अदब से मुहब्बत रखने वाले लोगों ने शिरकत की।
महफ़िल की सदारत मशहूर साहित्यकार डॉ. मोहम्मद ग़ालिब (अम्बर यज़दानी) ने की, जबकि निज़ामत की ज़िम्मेदारी तनवीर साक़िब ने बख़ूबी अंजाम दी। क़ारी मोहम्मद अहमद ने नात-ए-पाक पेश कर महफ़िल का आग़ाज़ किया।
इस मौक़े पर मेहमान-ए-ख़ुसूसी अदनान फ़िरोज़, चेयरमैन प्रतिनिधि नगर पंचायत तुलसीपुर एवं अज़मतउल्लाह भाई राजू, AIMIM नगर अध्यक्ष तुलसीपुर विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों मेहमानों ने शायरों के कलाम की सराहना करते हुए उनकी हौसला-अफ़ज़ाई की।
अपने सदारती ख़िताब में डॉ. मोहम्मद ग़ालिब (अम्बर यज़दानी) ने उर्दू ज़बान की अहमियत और नई नस्ल की ज़िम्मेदारियों पर रोशनी डालते हुए कहा कि उर्दू महज़ एक ज़बान नहीं, बल्कि हमारी तहज़ीब, हमारी सांस्कृतिक विरासत और हमारे शानदार अदबी इतिहास की पहचान है।
उन्होंने कहा कि आज ज़रूरत इस बात की है कि हम अपनी नई नस्ल को उर्दू ज़बान से जोड़ें। बच्चों को उर्दू पढ़ने, लिखने और बोलने की तरग़ीब दें। मोबाइल और सोशल मीडिया के इस दौर में नौजवानों को चाहिए कि वे अपनी क़ीमती ज़बान और अदबी विरासत को नज़रअंदाज़ न करें। अगर हम चाहते हैं कि उर्दू आने वाली नस्लों तक ज़िंदा और आबाद रहे, तो हमें अपने घरों से ही इसकी शुरुआत करनी होगी।
उन्होंने कहा कि अदबी महफ़िलें सिर्फ़ शेरो-शायरी का ज़रिया नहीं, बल्कि ज़बान, तहज़ीब, भाईचारे और आपसी मुहब्बत को फ़रोग़ देने का बेहतरीन माध्यम हैं।
महफ़िल में शायरों ने अपने बेहतरीन अशआर और रचनाओं से सामईन को ख़ूब महज़ूज़ किया। पेश हैं चंद चुनिंदा अशआर:
अम्बर यज़दानी
है डगर पनघट की मुश्किल, है पता हमको मगर
हम वतन तेरे लिए जाँ से गुज़र ही जायेंगे।
डॉ. ओम प्रकाश मिश्र
गर जागे नहीं सोते रहे, सोते रहेंगे
दुश्वारियों का बोझ सदा ढोते रहेंगे।
अताउल्लाह खान सादिक
जख्मी तड़प रहा है सड़क पर पड़ा हुआ
और लोग हैं कि रील बनाने में लगे हैं
ओवैस मोनिस
दोस्तो से डर गया हूं मै ये मंजर देखकर
दोस्ती की पीठ में पैवस्त खंज़र देखकर
शाहरुख़ साहिल
मेरा दावा है साहिल, हारना उसका मुक़द्दर है
किसी भी टीम का कमज़र्फ़ गर कप्तान हो जाये।
सिराज आलम ज़ख़्मी
ज़माने भर को सुनाते रहना उसी के क़िस्से
ज़माने भर से ये कहते रहना उसे न कहना।
विनोद कलहंस
उसकी गली में आना-जाना सबके बस की बात नहीं
चोरी-चुपके दिल को चुराना सबके बस की बात नहीं।
तनवीर साकिब
वक़्त ने ज़ख़्म वो दिये साकिब
दिल लगाने का हौसला ना रहा
कन्हैया लाल मधुर
आँसुओं की शाम हो गई, बोले यूँ सवेरे हैं
प्यार की शमा जलाइए, हर तरफ़ अंधेरे हैं।
तौसीफ़ बलरामपुरी
मेरी कोशिश है मोहब्बत के शजर फूलें-फलें
उसको ज़िद है कि गुलिस्ताँ जला दी जाय।
डियाज़ अकरम
अकरम की काविशों पे तुम्हें क्यों यक़ीन है
सब जा चुके, तुम्हें भी चले जाना चाहिए।
मुर्शिद अंसारी
पूरी दुनिया नहीं वाक़िफ़ मेरे दर्द से मुर्शिद
सारी दुनिया को मैं ये दर्द सुनाऊँ कैसे।
इसके अलावा प्रशांत मिश्रा, धर्मराज ओझा और इमरान बलरामपुरी ने अपनी रचनाओं के ज़रिये महफ़िल को अदबी रंगों से सराबोर किया।
इस यादगार अदबी महफ़िल में फ़राज़ तालिब, इबरार ख़ान, जावेद, आरिफ़, हरभजन, नदीम, मारूफ़, अरशद सहित बड़ी तादाद में अदब-नवाज़ और शौक़ीन-ए-शायरी मौजूद रहे।
आख़िर में मुशायरे के कन्वीनर शाहरुख़ साहिल ने तमाम मेहमानों, शायरों, साहित्यकारों और मौजूद सामईन का शुक्रिया अदा किया। इस तरह यह अदबी शाम उर्दू ज़बान की मुहब्बत, आपसी भाईचारे और साहित्यिक सौहार्द की ख़ूबसूरत यादें छोड़ते हुए अपने इख़्तिताम को पहुँची।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: