सीता इंटर कॉलेज के पुरातन छात्र जितेंद्र निषाद ने रचा सफलता का इतिहास
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन में खाद्य विश्लेषक पद पर चयन, सीमित संसाधनों के बीच 7–8 घंटे की मेहनत से हासिल किया मुकाम
रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय
महमूदाबाद, सीतापुर। प्रतिभा, लगन और कड़ी मेहनत के दम पर महमूदाबाद क्षेत्र के एक और युवा ने सफलता की नई मिसाल कायम की है। सीता इंटर कॉलेज के पुरातन छात्र जितेंद्र निषाद का चयन खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में खाद्य विश्लेषक के पद पर हुआ है। सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले जितेंद्र ने सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर परिश्रम करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से परिवार, शिक्षकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
थानगांव क्षेत्र के रानीपुर कोड़र निवासी राधेश्याम निषाद के पुत्र जितेंद्र निषाद ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद कक्षा छह से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई रामपुर मथुरा स्थित सीता इंटर कॉलेज की शाखा से पूरी की। पढ़ाई के दौरान वह अपने मामा रामपुर मथुरा निवासी कैलाश निषाद के घर रहकर शिक्षा ग्रहण करते थे। विद्यालयी जीवन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने वाले जितेंद्र ने आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए लखनऊ का रुख किया।
दोस्तों के सहयोग से रोजाना 7–8 घंटे पढ़ाई
लखनऊ में रहकर जितेंद्र ने पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को लगातार जारी रखा। संसाधनों की सीमित उपलब्धता के बीच उन्होंने अपने मित्रों के सहयोग से नियमित रूप से प्रतिदिन सात से आठ घंटे अध्ययन किया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने लक्ष्य से अपना ध्यान नहीं भटकने दिया और निरंतर मेहनत करते रहे। इसी अनुशासन और संघर्ष का परिणाम रहा कि उनका चयन खाद्य विश्लेषक जैसे महत्वपूर्ण पद पर हुआ।
जितेंद्र का वैवाहिक जीवन भी है। वर्ष 2014 में उनका विवाह हुआ और उनका एक बेटा भी है। नौकरी, परिवार की जिम्मेदारियों और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के बीच उन्होंने अपनी मेहनत जारी रखी। उनका कहना है कि सफलता के पीछे परिवार के साथ-साथ उनके मित्रों और शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गुरुजनों, मित्रों और परिवार को दिया सफलता का श्रेय
जितेंद्र निषाद ने अपनी सफलता का श्रेय सीता इंटर कॉलेज के गुरुजनों, तैयारी में सहयोग करने वाले मित्रों, पत्नी तथा परिवार के सभी सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से मिली शिक्षा और मार्गदर्शन ने उनके लक्ष्य की राह आसान की, वहीं मित्रों और परिजनों के सहयोग ने कठिन समय में आगे बढ़ने का हौसला दिया।
जितेंद्र के परिवार में माता-पिता, पत्नी और पुत्र के अलावा दो भाई एवं चार बहनें हैं। मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर महत्वपूर्ण सरकारी पद तक पहुंचना उनके परिवार के लिए गौरव का विषय है।
सफलता ने युवाओं के लिए पेश की प्रेरणादायक मिसाल
जितेंद्र की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो सीमित संसाधनों के कारण अपने सपनों को लेकर असमंजस में रहते हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत में निरंतरता बनी रहे तो परिस्थितियां सफलता की राह में स्थायी बाधा नहीं बन सकतीं।
जितेंद्र के खाद्य विश्लेषक पद पर चयन की जानकारी मिलते ही सीता इंटर कॉलेज परिवार सहित क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सेउता विधायक ज्ञान तिवारी, सीता ग्रुप ऑफ एजूकेशन के चेयरमैन आरके वाजपेयी, डिप्टी मैनेजर आंजनेय वाजपेयी, वागीश दिनकर, आरजे वर्मा, राकेश शुक्ल, यशपाल वर्मा, प्रांजल पांडेय, वीके शुक्ल सहित अनेक लोगों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जितेंद्र की उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि सीता इंटर कॉलेज और क्षेत्र के लिए भी गौरव का अवसर पैदा किया है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: