संविधान दिवस पर 68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष से लगाई न्याय की गुहार

सतीश महाना को सौंपा ज्ञापन, 60 अंक वाले अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम जारी कर नियुक्ति देने की मांग; विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के समक्ष मामला पुनः रखने का दिया भरोसा

रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय

लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की। अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर भर्ती से जुड़े मामले में शीघ्र निर्णय लेते हुए संशोधित परिणाम जारी कराने और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि भर्ती परीक्षा के 150 पूर्णांक में 60 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम जारी किया जाए तथा रिक्त पदों पर सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाए। अभ्यर्थियों का दावा है कि भर्ती में करीब 23 हजार सीटें रिक्त हैं, जिनमें लगभग 9 हजार पद ओबीसी वर्ग के हैं।

‘आपके साथ न्याय हो, यह मैं भी चाहता हूं’

अभ्यर्थियों की बात सुनने के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मामले को विभाग एवं मुख्यमंत्री स्तर से नीति संबंधी निर्णय का विषय बताते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मामला सभी के संज्ञान में है और वह इसे पुनः मुख्यमंत्री के समक्ष भेजेंगे।

अभ्यर्थियों के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष ने उनसे कहा कि “आपके साथ न्याय हो, यह मैं भी चाहता हूं।” अध्यक्ष के इस आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उनसे आग्रह किया कि वह अपने स्तर से मुख्यमंत्री के समक्ष मामले को प्रमुखता से रखें, ताकि लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके।

‘निर्णय और भर्ती शेड्यूल जारी होने तक जारी रहेगा आंदोलन’

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थियों की मांग को लेकर संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक मामले का समाधान कर नियुक्ति का रास्ता साफ नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि 150 पूर्णांक में 60 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम जारी कर उन्हें रिक्त पदों पर नियुक्ति दी जानी चाहिए।

वहीं धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि जब तक मामले पर निर्णय लेकर भर्ती का शेड्यूल जारी नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को संवैधानिक संस्थाओं के आदेशों एवं संस्तुतियों का अनुपालन करते हुए अभ्यर्थियों को न्याय देना चाहिए।

तूफान सिंह ने कहा कि अभ्यर्थियों की मांग जायज है और सरकार को मामले का संज्ञान लेते हुए नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ानी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल में तीन प्रमुख अभ्यर्थी रहे मौजूद

विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष वर्मा, तूफान सिंह और रण बहादुर सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष मामला पुनः संदर्भित किए जाने के बाद शासन स्तर पर इस प्रकरण पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपने हक और नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। संविधान दिवस के मौके पर विधानसभा अध्यक्ष से हुई मुलाकात को अभ्यर्थियों ने अपने संघर्ष की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और स्पष्ट किया कि न्याय एवं नियुक्ति की मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।