धान खरीद की रफ्तार धीमी, भुगतान में देरी से किसान परेशान
लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 6.21 प्रतिशत हुई खरीद, 10 से 15 दिन बाद भी भुगतान नहीं मिलने का आरोप
रवि प्रकाश द्विवेदी
अमेठी। जनपद में सरकारी धान खरीद की रफ्तार धीमी बनी हुई है। एक नवंबर से शुरू हुई खरीद के तहत अब तक जिले में 10,640.66 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है, जबकि शासन ने 1.53 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके सापेक्ष अब तक करीब 6.21 प्रतिशत लक्ष्य ही हासिल हो सका है। वहीं, धान बेचने के बाद भुगतान में देरी और क्रय केंद्रों के बंद मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ रही है।
डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा मिश्रा के अनुसार, अब तक 1,607 किसान सरकारी केंद्रों पर धान बेच चुके हैं। जिले में छह एजेंसियों के कुल 115 केंद्रों पर खरीद की जा रही है। इनमें विपणन शाखा के 44, यूपीपीसीयू के 24, पीसीएफ के 22, मंडी परिषद के चार, यूपीएसएस के 19 और एफसीआई के दो केंद्र शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसानों को धान खरीद के बाद भुगतान भी किया जा रहा है और किसानों से बिचौलियों के बजाय सरकारी क्रय केंद्रों पर ही धान बेचने की अपील की जा रही है।
उधर, किसानों ने भुगतान में देरी को लेकर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि धान बेचे हुए 10 से 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक खाते में भुगतान नहीं पहुंचा है। इससे गेहूं की बुवाई प्रभावित हो रही है। संग्रामपुर क्षेत्र के किसानों ने क्रय केंद्रों के नियमित संचालन पर भी सवाल उठाए हैं। किसानों का कहना है कि केंद्रों पर पहुंचने पर अक्सर ताला लटका मिलता है। गुरुवार को कसारा स्थित धान क्रय केंद्र पर करीब 12 बजे पहुंचे एक किसान को केंद्र बंद मिला। काफी दूर से धान बेचने की उम्मीद लेकर पहुंचे किसान को मायूस होकर लौटना पड़ा। किसानों ने प्रशासन से क्रय केंद्रों का नियमित संचालन कराने और बकाया भुगतान जल्द दिलाने की मांग की है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: