टिकरिया पुल के दोनों ओर सड़क निर्माण तेज, सप्ताहभर में मिलेगी राहगीरों को राहत
कालिकन धाम से भवसिंहपुर गांव होते हुए शुकुलपुर तक सड़क निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू,
रवि प्रकाश द्विवेदी
संग्रामपुर/अमेठी। अमेठी-संग्रामपुर मार्ग पर टिकरिया गांव के पास नवनिर्मित पुल के दोनों ओर करीब 100-100 मीटर तक सड़क पिछले छह महीने से कच्ची और उबड़-खाबड़ पड़ी थी। इसके चलते प्रतिदिन कालिकन धाम दर्शन के लिए आने-जाने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं सहित राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस मार्ग पर निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो गया है, जिससे लोगों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए अवर अभियंता (जेई) अमित पाठक ने बताया कि पुल के दोनों ओर सड़क निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। एक सप्ताह के भीतर मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में कालिकन धाम से भवसिंहपुर गांव होते हुए शुकुलपुर गांव तक सड़क निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू कराया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों के साथ ही कालिकन धाम आने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन और अधिक सुगम हो सकेगा।
वहीं, लंबे समय से सड़क की बदहाली से परेशान क्षेत्रवासियों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर राहत जताई है। लोगों का कहना है कि कच्चे और ऊबड़-खाबड़ मार्ग के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती थी। खासकर मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ती थी। अब सड़क निर्माण पूरा होने से आवागमन सुचारु होने की उम्मीद है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: