शान्तनु सेवा फाउंडेशन ने कराया 12 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह, गृहस्थी का सामान देकर दी विदाई
बेटियों को बोझ नहीं, बराबरी का भागीदार मानें, शिक्षा और संस्कार देकर आगे बढ़ाएं : फाउंडेशन पदाधिकारी
अर्जुन रौतेला आगरा। शान्तनु सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में 12 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह हर्षोल्लास एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। समारोह में 12 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के साथ उनके सुखमय गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक घरेलू सामान भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यशपाल चौधरी, पूनम अग्रवाल, त्रिलोक चंद्र मित्तल एवं मोहम्मद इस्लाम ने गौरी-गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।
फाउंडेशन के अध्यक्ष शांतनु अग्रवाल, सचिन बंसल, अमित सिंघानिया, अशोक मित्तल, विपिन अग्रवाल एवं अनुज मित्तल ने बताया कि निर्धन कन्याओं का विवाह कराना केवल सामाजिक सेवा का कार्य नहीं, बल्कि बेटियों के प्रति समाज की सोच बदलने का प्रयास भी है। ऐसे आयोजनों से जहां जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल मिलता है, वहीं समाज में यह संदेश जाता है कि बेटियों को परिवार पर बोझ न समझें। उन्हें उच्च शिक्षा, अच्छे संस्कार और सेवा-समर्पण के अवसर देकर समाज में बराबरी की भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
फाउंडेशन की ओर से सभी 12 नवविवाहित जोड़ों को टीवी, अलमारी, पंखा, बेड, सिलाई मशीन, फ्रिज सहित अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं भेंट की गईं, ताकि नवदंपती अपने नए जीवन की शुरुआत बेहतर ढंग से कर सकें।
समारोह को सफल बनाने में विनोद सांवरिया, रामू जायसवाल, आरती बंसल, पूजा बंसल एवं रश्मि अग्रवाल सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा। आयोजन में उपस्थित लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: