गंगा एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं की वैन डिवाइडर से टकराकर पलटी, चालक की मौत, 11 घायल
जगतपुर (रायबरेली)। गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी वैन चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि 11 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के जालना जिले से श्रद्धालुओं का परिवार वैन से वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने जा रहा था। जगतपुर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के 505 किलोमीटर के पास चालक उमेश (27) पुत्र मोतीलाल निवासी पीरबाओड़ा, थाना संभाजीनगर, महाराष्ट्र को झपकी आ गई। इससे वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में चालक समेत सभी सवार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. लईक अहमद ने चालक उमेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं केजू, रविंद्र और योगिता की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का सीएचसी में उपचार किया गया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी अजय मलिक ने बताया कि हादसे में चालक की मौत हुई है और 11 लोग घायल हुए हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: