देवरिया: जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम सख्त, 2 एसीएमओ का वेतन रोका
विनोद शंकर मिश्र अब तक न्याय ब्यूरो देवरिया
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, एडिशनल सीएमओ एवं डिप्टी सीएमओ सहित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए स्वास्थ्य योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बैठक में अनुपस्थित रहने के कारण एसीएमओ डॉ. आरपी यादव और डॉ. अश्वनी पांडेय का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं डॉ. हरेंद्र कुमार के अर्जित अवकाश स्वीकृत किए जाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी डिप्टी सीएमओ एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनकी अनुमति के उपरांत ही मुख्यालय छोड़ें। बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं में लार तथा बनकटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को बैठक में पूरी तैयारी के साथ आने के निर्देश देते हुए कहा कि बैठक से पूर्व अपनी प्रगति रिपोर्ट की स्वयं समीक्षा करें तथा कमियों को दूर करने के लिए कार्ययोजना बनाकर उसके अनुरूप कार्य करें। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना सहित गंभीर सर्जरी युक्त प्रसव में सुधार लाने तथा निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट पर ही प्रसव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य अधिकारी संचालित योजनाओं में पूरी तत्परता दिखाते हुए उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: