तनाव को हराकर सकारात्मक सोच से संवारे जीवन, बच्चों को सिखाए सफलता के सूत्र
भादर/अमेठी। भादर विकासखंड के पीपरपुर स्थित आसलदेव इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक विकास को लेकर विशेष प्रेरक सत्र का आयोजन किया गया। इसमें महाराष्ट्र राज्य सरकार द्वारा हिन्दी साहित्य अकादमी पुरस्कार से पुरस्कृत दार्शनिक चिंतक एवं प्रेरक वक्ता डॉ. रमाकांत तिवारी क्षितिज ने विद्यार्थियों को तनाव, चिंता और नकारात्मक विचारों से दूर रहकर जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
डॉ. क्षितिज ने कहा कि जीवन में कठिनाइयां आना स्वाभाविक है, लेकिन उनसे घबराने के बजाय सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव और अवसाद से बचने तथा आत्महत्या जैसे आत्मघाती विचारों से दूर रहने के लिए अपनी समस्याएं समय रहते परिवार, शिक्षकों और विश्वसनीय लोगों से साझा करने की प्रेरणा दी।
विशेष सत्र में उन्होंने शरीर के सात चक्रों की अवधारणा से परिचित कराते हुए विद्यार्थियों को योगाभ्यास भी कराया। साथ ही शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य और जीवन में उसके व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर व्यक्तित्व निर्माण और जीवन की चुनौतियों से मुकाबला करने की शक्ति भी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिवभूषण उपाध्याय, प्रधानाचार्य लाल सिंह, विद्यालय के शिक्षकगण, रणबहादुर सिंह, सुरेन्द्र बहादुर सिंह, अवधेश कुमार सिंह,प्रदीप कुमार, डॉक्टर बृजेश सिंह,रामबहादुरसिंह एवं श्रीकांत तिवारी एवं रोहित तिवारी का विशेष सहयोग रहा। छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। यह विशेष सत्र विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, मानसिक मजबूती और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: