जयकारों और पुष्पवर्षा के बीच निकली कलश यात्रा, शुरू हुई भागवत कथा
रवि प्रकाश द्विवेदी
भेटुआ/अमेठी। भेटुआ ब्लॉक के बंदोइयां गांव में शुक्रवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक उल्लास और भक्तिमय माहौल के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। घोड़ों की अगुवाई में निकली कलश यात्रा में ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर यात्रा में सहभागिता की, जबकि युवतियों और महिलाओं ने भक्ति गीतों की धुन पर नृत्य कर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पांच प्रमुख देवस्थलों पर पहुंची। इस दौरान ग्राम देवी, बूढ़े बाबा, भोलेनाथ और हनुमान मंदिर सहित अन्य देवस्थलों पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की। गांव में जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई।
सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में वृंदावन से पधारे कथाव्यास शिवेश शास्त्री महाराज भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन करेंगे। कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्म, बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा और रासलीला सहित विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम, धर्म और सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।
कथा के मुख्य यजमान उमेश चंद्र त्रिपाठी और उनकी पत्नी शीला त्रिपाठी हैं। आयोजन के प्रेरक अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य जगन्नाथ पांडेय, सपा प्रवक्ता राजेश मिश्र सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: