Pakistan: इमरान खान के आवास में छिपे हैं 30-40 आतंकवादी, पंजाब सरकार ने कहा- हमारे पास पर्याप्त सबूत पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। पंजाब सरकार ने पीटीआई प्रमुख को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। दरअसल मंत्री आमिर मीर ने दावा किया कि इमरान खान


पाकिस्तान में बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) प्रमुख इमरान खान को पंजाब की प्रांतीय सरकार ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। दरअसल, पंजाब के अंतरिम सूचना मंत्री आमिर मीर ने दावा किया कि इमरान खान के आवास में आतंकवादी छिपे हैं।

उन्होंने कहा कि जियो-फेंसिंग के जरिए 'तकनीकी और खुफिया' जानकारी मिली थी कि इमरान खान के जमान पार्क स्थित आवास पर आतंकवादी छिपे हैं। इस दौरान उन्होंने आतंकवादियों की संख्या भी बताई। बतौर आमिर मीर पीटीआई प्रमुख के आवास पर 30-40 आतंकवादी छिपे हुए हैं।

 

प्रांतीय सरकार का अल्टीमेटम

आमिर मीर ने कहा कि इमरान के आवास पर छिपे लोगों में लाहौर कॉर्प्स कमांडर हाउस पर हमला करने वाले भी शामिल हैं। इसलिए पीटीआई नेतृत्व से अनुरोध किया जा रहा है कि इन लोगों को सौंप दें।

 

उन्होंने कहा कि पंजाब की अंतरिम सरकार ने पीटीआई नेतृत्व को आतंकवादियों को सौंपने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों के पास हमलों में उनकी संलिप्तता के सबूत हैं।

PTI ने हिंसक विरोध प्रदर्शन की बनाई थी योजना

आमिर मीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पीटीआई नेतृत्व ने देश में हिंसक विरोध प्रदर्शन की योजना तैयार की थी। 

उन्होंने दावा किया कि पीटीआई ने लोगों को सेना के प्रतिष्ठानों पर हमला करने के लिए उकसाया था। उन्होंने कहा कि केंद्र, सैन्य नेतृत्व और पंजाब सरकार ने पहले ही यह तय कर लिया है कि हमलों में शामिल लोगों को सजा दी जाएगी।

आमिर मीर ने दावा किया कि खुफिया जानकारी के मुताबिक, सेना के प्रतिष्ठानों पर हमला करने वाले 30-40 आतंकवादी वर्तमान में इमरान खान के जमान पार्क स्थित आवास में छिपे हैं।

हमले में शामिल आतंकियों के खिलाफ चलेगा मुकदमा

उन्होंने कहा कि सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने वाले आतंकवादियों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इन लोगों को मिसाल बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में कोई ऐसा करने की हिम्मत न करे।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।