- गौवंश संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जिलाधिकारी ने दिया विशेष जोर
- श्रीकृष्ण भास्कर सह संपादक अब तक न्याय न्यूज आपको अवगत कराते चलें कि
गौ अभ्यारण्य के निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें — जिलाधिकारी
प्रत्येक बुधवार सभी गौशालाओं में वृहद स्तर पर चलाया जाए स्वच्छता अभियान - जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आज गांधी सभागार में जनपद स्तरीय गौवंश संरक्षण, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में गौवंश के संरक्षण, सुरक्षा एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने जनपद में गौ अभ्यारण्य के निर्माण हेतु प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि गौवंश के संरक्षण एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा गौशालाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए।
उन्होंने सभी गौशालाओं में टिनशेड की समुचित व्यवस्था कराने तथा प्रत्येक बुधवार को सभी गौशालाओं में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही गौशालाओं की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार के लिए अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किए जाने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने गौशालाओं में विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था को पूर्ण रूप से दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि के समय गौवंश की सुरक्षा एवं देखभाल में किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने गौशालाओं में सुरक्षा की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को हर समय क्रियाशील रखने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं में साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा, टिनशेड सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाओं का नियमित रूप से निरीक्षण करते हुए कमियों का तत्काल निराकरण कराया जाए, ताकि गौवंश को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: