वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे चल रही है। भारत के लिए पहले तीनों मैचों में सूर्यकुमार यादव ने रोहित के साथ पारी का आगाज किया है। इस फैसले को लेकर पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ और कृष्णमचारी श्रीकांत सवाल खड़े कर चुके हैं। श्रीकांत ने तो यहां तक कहा कि अगर सूर्यकुमार ओपनिंग में सफल नहीं रहे तो इससे उनका कॉन्फिडेंस कम होगा। रोहित की यह स्ट्रैटजी कई पूर्व क्रिकेटरों और क्रिकेट एनालिस्ट के गले से नहीं उतर रही थी और अब भारतीय कप्तान ने खुद इसका जवाब दिया है।
सूर्यकुमार यादव ने नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए दमदार प्रदर्शन किया है, ऐसे में उनका बैटिंग ऑर्डर एकदम से बदलने के बाद रोहित आलोचकों के निशाने पर आ गए। इंग्लैंड में रोहित ने ऋषभ पंत के साथ पारी का आगाज किया था, जबकि ईशान किशन के रूप में एक और ओपनर बेंच पर बैठा है। रोहित ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे मैच के टॉस के बाद कहा, 'हम चाहते हैं कि खिलाड़ी किसी भी नंबर पर बैटिंग करने में सहज रहे, मैं नहीं चाहता कि वह बस एक बैटिंग ऑर्डर पर बैटिंग करते रहें। हम चाहते हैं कि खिलाड़ी फ्लेक्जिबल रहें, इसके दो नजरिए हैं और यह खिलाड़ियों पर निर्भर करता है।' कैफ और श्रीकांत के अलावा जब टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार से इसको लेकर सवाल किया गया था, तो उन्होंने भी इसका गोल-मोल जवाब दिया था। भुवी ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि ऐसा क्यों हो रहा है, लेकिन इसके पीछे जरूर कप्तान रोहित और हेड कोच राहुल द्रविड़ का कुछ थॉट प्रोसेस होगा। सूर्यकुमार भले ही पहले दो मैचों में सलामी बल्लेबाज के तौर पर फेल रहे, लेकिन तीसरे मैच में उन्होंने 50 गेंद पर 73 रन ठोके और टीम इंडिया को जीत दिलाई। सूर्या को इस प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: