दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत रद्द किए जाने के बाद अनंत सिंह को बेटी की शादी के लिए कोर्ट से अस्थायी राहत मिली थी, जिसकी अवधि अब खत्म होने जा रही है


मोकामा के विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी की शाही शादी संपन्न होने के बाद एक निजी न्यूज चैनल को दिए खास इंटरव्यू में अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कई बड़े और चौंकाने वाले ऐलान किए हैं. सरेंडर कर जेल जाने से पहले दिए गए इस बयान में उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वे न तो जनता दल यूनाइटेड (JDU) में वापस लौटेंगे और न ही भविष्य में कभी विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे.

 

विधानसभा चुनाव न लड़ने का फैसला

अनंत सिंह ने दो टूक कहा कि वे आज के बाद कभी भी विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि विधायक बनने पर उन्हें रहने के लिए छोटा आवास या फ्लैट मिलता है, जहां वे अपनी जनता को ठीक से पानी तक नहीं पिला सकते.

लोकसभा चुनाव लड़ने के संकेत

विधानसभा की राजनीति से दूरी बनाने की बात कहते हुए उन्होंने अपने अगले कदम का भी इशारा किया. अनंत सिंह ने कहा कि अगर आगे चुनाव लड़ने का मन हुआ, तो वे सीधा लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे.

 

जेडीयू में वापसी से साफ इनकार

पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने बेहद तीखे तेवर दिखाए. जेडीयू में दोबारा जाने की संभावनाओं को खारिज करते हुए उन्होंने अपनी देसी शैली में कहा, जब जडीयू ने निकाल ही दिया है, तो हम थूक कर चाटने नहीं जाएंगे. ऐसा करने का मन कभी नहीं करेगा. उन्होंने यह भी जोड़ा कि पार्टी से निकाले जाने के बाद अब उन पर किसी तरह का कोई राजनीतिक दबाव नहीं रह गया है.

जेडीयू के भविष्य पर तंज

पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधते हुए अनंत सिंह ने दावा किया कि नीतीश कुमार थे तो जेडीयू थी, अब पार्टी में पहले जैसी बात नहीं रही. उन्होंने भविष्यवाणी की कि आगामी विधानसभा चुनाव में जेडीयू को 10 सीटें भी नसीब नहीं होंगी और तब पार्टी को उनकी असली अहमियत समझ में आएगी.

जेल जाने पर क्या बोले अनंत सिंह?

बेटी की शादी के लिए मिली मोहलत खत्म होने के बाद अनंत सिंह ने बताया कि वे तय समय के अनुसार 4 दिसंबर 2026 को अदालत में आत्मसमर्पण कर जेल जाएंगे. उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि जेल से रिहा होने के बाद वे बिहार का दौरा कर सकते हैं. इसके बाद ही वो तय करेंगे कि वो अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत कैसे करेंगे. बता दें कि दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत रद्द किए जाने के बाद अनंत सिंह को बेटी की शादी के लिए कोर्ट से अस्थायी राहत मिली थी, जिसकी अवधि अब खत्म होने जा रही है.

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।