एयरो इंडिया 2027 में भारत का स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस Mk-1A उड़ान भरने को तैयार है. इस शो में इसकी भारतीय वायुसेना में औपचारिक एंट्री भी शुरू होगी.


भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस Mk-1A की एयरो इंडिया-2027 में उड़ान की तैयारी है. फरवरी में बेंगलुरु के येलहंका एयरफोर्स स्टेशन पर होने वाले एयरो शो में तेजस Mk-1A अपना दम दिखाएगा. वहीं, इसी दौरान तेजस MK-1A एयरक्राफ्ट की डिलीवरी और वायुसेना में शामिल होने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी. ऐसे में एयरो इंडिया भारत के स्वदेशी तेजस MK-1A फाइटर प्रोग्राम के लिए अहम मंच बन सकता है.

 

एयरो इंडिया से पहले दुनिया को न्योता

एयरो इंडिया की तैयारियों के बीच अगले सप्ताह नौसेना दिवस के बाद दिल्ली में राजदूतों का गोलमेज सम्मेलन आयोजित किए जाने की तैयारी है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इसकी अध्यक्षता करेंगे.

सम्मेलन में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि और तीनों सेनाओं के चीफ की मौजूदगी भी होगी.

 

करीब 100 से 150 देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों और राजनयिक प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा. बैठक का मकसद दुनिया के रक्षा साझेदारों को एयरो इंडिया-2027 में शामिल होने और अपनी सैन्य ताकत और तकनीक प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित करना है.

अमेरिका, रूस और चीन एक मंच पर

एयरो इंडिया में अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस, जर्मनी और इटली जैसे प्रमुख देशों की भागीदारी पर नजर रहेगी. भारत के पड़ोसी देशों को भी न्योता दिया जाएगा. बदलते वैश्विक समीकरणों और बढ़ती रक्षा प्रतिस्पर्धा के बीच एयरो इंडिया भारत के लिए अपनी सैन्य ताकत, स्वदेशी तकनीक और रक्षा उद्योग का प्रदर्शन करने का बड़ा मंच होगा.

पिछले एयरो इंडिया यानी 2025 में भी तेजस Mk-1A ने आसमान में पहली उड़ान भरी थी. HAL के अनुसार, पिछले साल चार Mk-1A विमान Yodha (finger-four) फॉर्मेशन में उड़े थे. इसी के साथ Bhim फॉर्मेशन में तीन LCA-Mk1A ने उड़ान भरी थी. उस वक्त यह एयरक्राफ्ट प्रोटोटाइप और उत्पादन चरण में थे. सूत्रों के मुताबिक अब 2027 के एयरो शो में तेजस Mk-1A की उड़ान इसलिए खास होगी, क्योंकि तब तक वायुसेना में इसकी एंट्री की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.

F-35 और Su-57 के बाद 2027 में क्या होगा खास?

एयरो इंडिया-2025 में अमेरिकी F-35, B2बॉम्बर और रूसी Su-57 स्टेल्थ फाइटर सबसे बड़े आकर्षण बने थे. दोनों पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों ने भारतीय आसमान में अपनी ताकत दिखाई थी. अब 2027 के आयोजन में भी शानदार एयर शो, डिफेंस मिनिस्टर्स कॉन्क्लेव, CEO राउंड टेबल, iDEX स्टार्टअप कार्यक्रम, इंडिया डिफेंस पवेलियन और बड़े रक्षा हथियारों की प्रदर्शनी होगी.

एयरो इंडिया-2027 का शुरुआती चरण बिजनेस और रक्षा प्रतिनिधियों के लिए होगा, जबकि बाद के दिनों में आम लोग भी एयर शो का रोमांच देख सकेंगे. वहीं तेजस Mk-1A की उड़ान, विदेशी लड़ाकू विमानों की मौजूदगी और भारत के रक्षा उद्योग का प्रदर्शन एयरो इंडिया-2027 को अगले साल का सबसे बड़ा डिफेंस इवेंट बना सकते हैं.

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।