कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के शरद पवार पर दिए गए विवादित बयान के बाद INDIA ब्लॉक में नाराजगी सामने आई है. पिता शरद पवार पर कांग्रेस नेता के हमले से सुप्रिया सुले नाराज बताई जा रही हैं. इसी नाराजगी के चलते वह INDIA ब्लॉक की बैठक में ऑनलाइन भी शामिल नहीं हुईं. इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी गठबंधन के भीतर सहयोगी दलों के बीच रिश्तों को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
महाराष्ट्र सदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि शरद पवार ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन प्रगतिशील आंदोलन के साथ बिताया है, लेकिन उनका इतिहास पीठ में खंजर घोंपने का रहा है. वडेट्टीवार ने कहा कि शरद पवार सत्ता के बिना नहीं रह सकते और यही उनकी राजनीतिक भूमिका रही है.
लोकतंत्र खत्म करने वालों में पवार का नाम आने की बात कही
वडेट्टीवार ने आगे कहा कि उन्हें लगता था कि देश के लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करने वालों में शरद पवार का नाम नहीं होना चाहिए, लेकिन अब ऐसी स्थिति बन रही है कि उनका नाम भी वहां आ सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में तानाशाही लाने के लिए परिसीमन विधेयक लाया जा रहा है. उनके इस बयान को शरद पवार पर सीधे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है.
NCP सांसदों ने सुप्रिया सुले को किया फोन
इस पूरे घटनाक्रम के बीच शरद पवार की NCP के सांसदों ने सुप्रिया सुले से संपर्क किया है. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के सभी सांसदों ने सुप्रिया सुले को फोन कर अपना समर्थन जताया है. सांसदों ने एकमत से कहा है कि शरद पवार और सुप्रिया सुले जो फैसला लेंगे, वही अंतिम होगा. पार्टी के भविष्य और आगे की रणनीति को लेकर दोनों जो भी निर्णय करेंगे, सांसद उनके साथ खड़े रहेंगे. इस तरह कांग्रेस नेता के बयान के बाद NCP के भीतर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश भी की गई है.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: