असंख्य दीपों की आभा से जगमगाया दुग्धेश्वरनाथ मंदिर, भजनों की गूंज से भक्तिमय हुआ माहौल
देव दीपावली पर श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया दीपोत्सव, गिरजा सरोवर में सजी भव्य महागंगा आरती
अब तक न्याय रूद्रपुर तहसील प्रभारी शेख़ अंसार अहमद
रुद्रपुर (देवरिया)। देव दीपावली के पावन पर्व पर मंगलवार को नगर स्थित प्रसिद्ध श्री दुग्धेश्वरनाथ मंदिर एवं गिरजा सरोवर परिसर में धार्मिक आयोजनों की धूम रही। मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, वहीं गिरजा सरोवर के तट पर भव्य महागंगा आरती का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। दोनों आयोजनों में भक्ति, आस्था और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। देव दीपावली समिति रुद्रपुर की ओर से श्री दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में आयोजित दीपोत्सव के दौरान मंदिर परिसर को दीपों से सजाया गया। शाम होते ही दीपों की रोशनी से मंदिर की छटा निखर उठी। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा अर्पित की तथा सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। इस दौरान आयोजित भजन संध्या में भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भजन संध्या का आनंद लेते हुए आयोजन में सहभागिता की।
गिरजा सरोवर में सजी भव्य महागंगा आरती
देव दीपावली के अवसर पर श्री लक्ष्मी नारायण धाम दुधेश्वर नाथ तीर्थ क्षेत्र सेवा न्यास के तत्वावधान में गिरजा सरोवर पर भव्य महागंगा आरती का आयोजन किया गया। आयोजन के अध्यक्ष आचार्य आदित्य कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के तहत अपराह्न तीन बजे आकर्षक झांकी निकाली गई। इसके बाद शाम साढ़े छह बजे गिरजा सरोवर के तट पर महागंगा आरती हुई। भारत गोस्वामी एवं सहयोगियों की विशेष प्रस्तुति ने आयोजन को और आकर्षक बनाया। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता कर मां गंगा की आराधना की।
इस दौरान पूर्व प्रधानाचार्य कौशल किशोर सिंह, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर राजकुमार गुप्ता, चेयरमेन प्रतिनिधि छट्ठेलाल निगम, जीतेन्द्र गुप्ता, शिवहरी त्रिपाठी, रामेश्वर विश्वकर्मा, सुनील गुप्ता, सभासद रामप्रवेश भारती, अखिलेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन का कार्य तारकेश्वर विश्वकर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में देव दीपावली समिति एवं श्री लक्ष्मी नारायण धाम दुधेश्वर नाथ तीर्थ क्षेत्र सेवा न्यास के सदस्यों व कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: