कक्षा छह की 140 और नौवीं की चार रिक्त सीटों पर होगी प्रवेश परीक्षा, पात्र बच्चों तक योजना पहुंचाने के लिए चलेगा विशेष अभियान

प्रधानाचार्य नहीं बता सके चार विद्यार्थियों के विद्यालय छोड़ने की वजह, एक सप्ताह में दोबारा होगी समीक्षा बैठक

रिपोर्ट संत राज यादव अब तक न्याय न्यूज़

गोरखपुर अटल आवासीय विद्यालय, सहजनवां में पढ़ाई छोड़कर जाने वाले चार विद्यार्थियों के मामले को मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने गंभीरता से लिया है। बुधवार को आयुक्त सभागार में मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में जब इन चार विद्यार्थियों के विद्यालय छोड़ने की वजह पूछी गई तो प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह स्थिति स्पष्ट नहीं कर सके। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए चारों विद्यार्थियों के विद्यालय छोड़ने के कारणों सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बैठक में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस सत्र में कक्षा छह के लिए 140 विद्यार्थियों तथा कक्षा नौ के लिए चार विद्यार्थियों का प्रवेश प्रस्तावित है। कक्षा नौ की चार सीटें पूर्व में अध्ययनरत चार विद्यार्थियों के विद्यालय छोड़ने के कारण रिक्त हुई हैं। इन सीटों पर नए छात्र-छात्राओं के नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि अटल आवासीय विद्यालय का उद्देश्य श्रमिक परिवारों और कोरोना काल में निराश्रित हुए बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। ऐसे में योजना का लाभ वास्तविक पात्र बच्चों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए केवल आवेदन आने का इंतजार करने के बजाय विभागों को स्वयं सक्रिय होकर पात्र परिवारों तक पहुंचना होगा।उन्होंने श्रम विभाग को निर्देश दिया कि विभाग की ओर से संचालित सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। उप श्रमायुक्त, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (यूपीबीओसीडब्ल्यू) में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों तथा कोरोना काल में निराश्रित हुए बच्चों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाए। पात्र बच्चों और उनके अभिभावकों को प्रवेश की पात्रता, परीक्षा की प्रक्रिया और आवेदन से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि पात्रता रखने वाले परिवारों को जानकारी के अभाव में योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से ऐसे बच्चों की पहचान करें और उनके अभिभावकों को आवेदन के लिए प्रेरित करें। प्रवेश परीक्षा का आयोजन पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराया जाए।
बैठक में मंडलायुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक और आवासीय व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानने पर भी जोर दिया। उन्होंने कुशीनगर की श्रम प्रवर्तन अधिकारी  अलंकृता उपाध्याय को विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया। साथ ही अध्ययनरत छात्राओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी पढ़ाई, रहने की व्यवस्था और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेने तथा विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक के दौरान अन्य बिंदुओं पर भी कुछ अधिकारी संतोषजनक और तथ्यपरक जवाब नहीं दे सके। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना पूरी जानकारी और आवश्यक तथ्यों के बैठक में उपस्थित न हों। जिन विषयों पर निर्णय लिया जाना है, उनसे संबंधित औचित्यपूर्ण प्रस्ताव, अभिलेख और तथ्य साथ लेकर आएं। उन्होंने एक सप्ताह बाद पुनः बैठक आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अगली बैठक में सभी अधिकारी पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों।
बैठक में उप श्रमायुक्त शक्ति सेन मौर्य, अटल आवासीय विद्यालय सहजनवां के प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।