आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में लापरवाही, दो साल बाद भी अधूरे भवन
कहीं छत और फर्श गायब तो कहीं खिड़की-दरवाजे नहीं, पेड़ के नीचे पढ़ने को मजबूर बच्चे
रवि प्रकाश द्विवेदी
संग्रामपुर/अमेठी। विकासखंड संग्रामपुर की कई ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण में जिम्मेदारों की लापरवाही सामने आ रही है। उत्तरगांव, जरौटा और ठेंगहा में करीब दो वर्षों से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र अब तक पूरे नहीं हो सके हैं। भवनों की छत और फर्श तक नहीं बनी है। वहीं, खिड़की-दरवाजों की हालत भी खराब होने लगी है।
भैरोपुर, बनवीरपुर, और सोनारीकनू सहित अन्य कई अन्य ग्राम सभाओं में बने आंगनबाड़ी केंद्रों में अभी भी निर्माण कार्य अधूरा है। कहीं खिड़की-दरवाजे नहीं लगाए गए हैं तो कहीं फर्श का काम पूरा नहीं हुआ है। मड़ौली में तैयार किया गया आंगनबाड़ी केंद्र भी निर्माण के कुछ समय बाद ही जर्जर हालत में पहुंच गया। यहां शौचालय, रसोईघर और दरवाजों के निर्माण में भी अनियमितता दिखाई दे रही है। भवनों की बदहाल स्थिति के चलते आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बच्चों की कक्षाएं पेड़ के नीचे संचालित करनी पड़ रही हैं।
इस संबंध में सीडीपीओ रूपेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र मानक के अनुरूप नहीं हैं। इसी कारण अभी तक किसी भी केंद्र का हस्तांतरण आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नहीं किया गया है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: