देवरिया को बड़ी सौगात, ₹54.58 करोड़ से बनेगा नया बिजली उपकेंद्र
विनोद शंकर मिश्र ब्यूरो अबतक न्याय देवरिया
* देवरिया जिले की विधानसभा 338 पथरदेवा को बिजली व्यवस्था की बड़ी सौगात मिली है। जनपद के तरकुलवा ब्लॉक के नरायनपुर गांव में 132/33 केवी, 2×40 एमवीए नरायनपुर विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया गया। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 54.58 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास एवं भूमिपूजन कार्यक्रम उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा जी की वर्चुअल उपस्थिति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के लोकप्रिय कृषि मंत्री माननीय श्री सूर्य प्रताप शाही जी उपस्थित रहे और उन्होंने विधि-विधान से भूमि पूजन किया। इस अवसर पर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
नरायनपुर विद्युत उपकेंद्र, तरकुलवा ब्लॉक, विधानसभा 338 पथरदेवा, जनपद देवरिया। यह महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
इस उपकेंद्र के निर्माण से तरकुलवा, पथरदेवा, बघौचघाट और महुआडीह क्षेत्र के हजारों बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। अब तक इन क्षेत्रों में 35-40 किलोमीटर दूर से बिजली आपूर्ति होने के कारण लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग जैसी समस्याएं सामने आती थीं। नए उपकेंद्र के चालू होने से बिजली आपूर्ति में सुधार होगा, वोल्टेज की समस्या में कमी आएगी और तकनीकी खराबियों को जल्द दूर करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। लोगों ने कहा कि बेहतर बिजली मिलने से किसानों को सिंचाई में सुविधा होगी, व्यापारियों को राहत मिलेगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित नहीं होगी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: