84वें दिन भी जारी रहा 68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का संघर्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मिले प्रतिनिधिमंडल को शीघ्र निस्तारण का आश्वासन रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय


84वें दिन भी जारी रहा 68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का संघर्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मिले प्रतिनिधिमंडल को शीघ्र निस्तारण का आश्वासन

रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय

लखनऊ। 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों के समाधान और नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन 84वें दिन भी जारी रहा। सोमवार को आंदोलनरत अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने “फीडबैक लो अभियान” के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से पुनः व्यक्तिगत मुलाकात कर अपनी समस्याओं और 84 दिनों से चल रहे आंदोलन की स्थिति से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने कड़ाके की ठंड के बीच सड़क किनारे रात बिताकर संघर्ष करने की अपनी परिस्थितियां भी प्रदेश अध्यक्ष के सामने रखीं।

प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि “आप हमारे अपने हैं, मैं आप लोगों की बात समझता हूं। आपका मामला हाई लेवल पर भी रख दिया गया है और जल्द ही इसका निस्तारण हो जाएगा।” प्रदेश अध्यक्ष के इस आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित मामले में शीघ्र ठोस निर्णय सामने आएगा।

आंदोलन लंबा खिंचने से आर्थिक और सामाजिक नुकसान का मुद्दा उठाया

आंदोलन के नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि लगातार 84 दिनों से संघर्ष करने के कारण अभ्यर्थी आर्थिक रूप से कमजोर हो चुके हैं और उनके सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मामले का तत्काल समाधान करने की मांग करते हुए कहा कि अभ्यर्थी अपनी ही सरकार के समक्ष न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निस्तारण नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक करने के लिए अभ्यर्थी बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार, बेसिक शिक्षा विभाग तथा संबंधित अधिकारियों की होगी।

धरना प्रभारी एवं आंदोलन के नेतृत्वकर्ता नवीन चौधरी ने कहा कि अभ्यर्थी सरकार के विरोधी नहीं हैं और न ही उनका उद्देश्य आंदोलन करना है। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े मामले के समाधान के अभाव में अभ्यर्थियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि जल्द निर्णय लेकर आंदोलन का सुखद समापन कराया जाए।

60 अंक तक प्राप्त अभ्यर्थियों के संशोधित परिणाम की मांग

आंदोलन के नेतृत्वकर्ता तूफान सिंह ने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों तथा 10 सितंबर 2026 को बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास पर हुई बैठक में बनी सहमति के आधार पर 68500 शिक्षक भर्ती परीक्षा के पूर्णांक 150 में से 60 अंक तक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से इसी मांग को लेकर संघर्षरत हैं और सरकार से अब निर्णायक कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।

“नियुक्ति शेड्यूल जारी होने तक जारी रहेगा आंदोलन”

नेतृत्वकर्ताओं रणबहादुर सिंह और मोहित अहलावत ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों का आंदोलन तब तक समाप्त नहीं होगा, जब तक 68500 शिक्षक भर्ती के लिए नियुक्ति का शेड्यूल जारी नहीं कर दिया जाता। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट समय-सारिणी जारी किए जाने की आवश्यकता है।

अभ्यर्थियों ने कहा कि 84 दिनों से लगातार चल रहे आंदोलन के बावजूद उनका संघर्ष शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। उनका उद्देश्य सरकार से टकराव नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में न्याय और अपने अधिकार की प्राप्ति है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से हुई मुलाकात को अभ्यर्थियों ने सरकार के स्तर पर समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण संवाद बताया।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष वर्मा, तूफान सिंह, नवीन चौधरी, मोहित अहलावत और रणबहादुर सिंह शामिल रहे। वहीं आंदोलन स्थल पर अरविंद कुमार, अजीत सिंह, उत्कर्ष पटेल, त्रिलोकी गुप्ता, घनश्याम, मनीष पटवा सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।

अभ्यर्थियों ने दोहराया कि सरकार यदि शीघ्र नियुक्ति शेड्यूल जारी कर ठोस निर्णय लेती है तो लंबे समय से चल रहा आंदोलन सकारात्मक परिणाम के साथ समाप्त हो सकता है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।