चुनावी खर्च के मोर्चे पर बांदा की चारों सीटें संवेदनशीलता की सूची से बाहर, लेकिन धनबल पर निगरानी की चुनौती बरकरार आमोद कुमार


चुनावी खर्च के मोर्चे पर बांदा की चारों सीटें संवेदनशीलता की सूची से बाहर, लेकिन धनबल पर निगरानी की चुनौती बरकरार
आमोद कुमार 
बांदा। चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है, लेकिन जब इसमें धनबल, शराब और प्रलोभनों की घुसपैठ होती है तो जनमत की पवित्रता पर सवाल खड़े होने लगते हैं। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 से पहले बांदा की चारों विधानसभा सीटों को व्यय संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्र की श्रेणी से बाहर रखा गया है। राज्य स्तरीय समीक्षा में जिले की किसी भी सीट को इस श्रेणी में चिह्नित नहीं किया गया।सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में जिला इंटेलिजेंस कमेटी (डीआईसी) की बैठक हुई। इसमें चुनावी खर्च, अवैध धन के इस्तेमाल और प्रवर्तन एजेंसियों की निगरानी व्यवस्था पर चर्चा की गई।
बैठक में सदस्य सचिव एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले की चारों विधानसभा सीटों—232 तिंदवारी, 233 बबेरू, 234 नरैनी (अजा.) और 235 बांदा में से किसी को भी व्यय संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्र घोषित नहीं किया गया है। विगत दो विधानसभा और लोकसभा सामान्य चुनावों में भी जिले की कोई सीट इस श्रेणी में नहीं रही।प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों के मुताबिक, जिले में नकदी, शराब, ड्रग्स, बहुमूल्य वस्तुओं, आभूषणों और उपहार सामग्री की भारी मात्रा में बरामदगी का कोई प्रकरण सामने नहीं आया है। राज्य स्तर के नोडल अधिकारियों के निर्णय पर भी बैठक में सहमति जताई गई। जिलाधिकारी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को आवश्यक सूचना भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य कोषाधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, आयकर अधिकारी, सहायक आयुक्त राज्य कर और एलडीएम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।सवाल सिर्फ इतना नहीं कि बांदा की कोई सीट व्यय संवेदनशील घोषित हुई या नहीं, असली परीक्षा यह होगी कि चुनाव के दौरान लोकतंत्र की मंडी सजाने की कोशिश करने वालों पर कितना प्रभावी अंकुश लगता है। किसी सीट का संवेदनशील सूची से बाहर होना इस बात की गारंटी नहीं कि वहां धनबल का इस्तेमाल नहीं होगा। लोकतंत्र की कीमत मतदाता का विवेक तय करे, नोटों की गड्डियां नहीं—यही निष्पक्ष चुनाव की असली कसौटी है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।