दबंगई की भेंट चढ़ी विकास की सड़क! डूडा की स्वीकृति के बाद भी निर्माण ठप, 60 परिवारों की जिंदगी कीचड़ में कैद आमोद कुमार


दबंगई की भेंट चढ़ी विकास की सड़क! डूडा की स्वीकृति के बाद भी निर्माण ठप, 60 परिवारों की जिंदगी कीचड़ में कैद
आमोद कुमार 
बांदा। सरकारी योजनाओं का उद्देश्य जनता को राहत देना है, लेकिन जब स्वीकृत विकास कार्य भी कथित दबंगई के आगे घुटने टेकने लगें तो व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। मुक्तिधाम रोड स्थित प्रज्ञा नगर मोहल्ले में डूडा से स्वीकृत आरसीसी सड़क का निर्माण रुकने से करीब 60 परिवार बदहाली झेलने को मजबूर हैं। यहां सड़क का सपना तो स्वीकृत हो गया, लेकिन जमीन पर विकास की राह कथित विरोध और धमकियों में उलझ गई।
मोहल्लेवासियों के मुताबिक, वर्षों के प्रयास के बाद सड़क निर्माण की मंजूरी मिली थी। 21 नवंबर को ठेकेदार ने काम शुरू कराया, लेकिन आरोप है कि बाबू निषाद, तुलसी, हरप्रसाद, होरीलाल और मूलचंद्र निषाद सहित कुछ लोगों ने धमकी देकर निर्माण कार्य बंद करा दिया। अब मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी और सदर विधायक को शिकायती पत्र देकर हस्तक्षेप की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि एक दशक से अधिक समय पहले जमीन बेचते समय इसी रास्ते को आवागमन का मार्ग बताया गया था। मकान बन गए, परिवार बस गए, लेकिन पक्की सड़क का इंतजार खत्म नहीं हुआ। विडंबना देखिए कि जब लंबे संघर्ष के बाद सड़क निर्माण शुरू हुआ तो उसमें भी बाधा खड़ी हो गई।मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि घरों के सामने बनी सीढ़ियां तोड़ी गईं और पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई। परिणामस्वरूप रास्ते पर जलभराव और कीचड़ फैल गया है। पेयजल संकट से करीब 60 परिवार परेशान हैं। इसी रास्ते से दो प्राथमिक विद्यालयों के बच्चे भी गुजरते हैं, जिनका आवागमन बाधित हो रहा है।मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से सड़क निर्माण में बाधा डालने के आरोपों की निष्पक्ष जांच, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत और निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है।इस दौरान कुलदीप, संजय खेर, युवराज, सुनील, हिम्मत सिंह, सीमा देवी, गीता देवी, कुसमा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।बड़ा सवाल यह है कि विकास की सड़क पर अवरोध खड़ा करने वालों की जवाबदेही कौन तय करेगा? सरकारी स्वीकृति के बावजूद यदि एक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा तो आम नागरिक किससे उम्मीद लगाए? सड़क किसी की निजी जागीर नहीं, बल्कि नागरिकों की बुनियादी जरूरत है। प्रशासन को तय करना होगा कि प्रज्ञा नगर में कानून का राज चलेगा या कथित दबंगई का।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।