राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव, प्रतिभाशाली छात्राएं ट्रॉफी और मेडल से सम्मानित

अर्जुन रौतेला आगरा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गढ़ी चंद्रमन, अछनेरा में वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस वर्ष वार्षिकोत्सव की थीम ‘बेटियां : सपनों की उड़ान, सफलता की पहचान’ रही। इस अवसर पर छात्राओं ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीपी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या आराधना सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर बेटियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सफलता की संभावनाओं को मंच पर साकार किया।
कार्यक्रम में डिंपल, ज्योति, निधि, मोहिनी, याशिका, रीना, आकांक्षा, लक्की और कामिनी का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को ट्रॉफी, मेडल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बेटियों को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकती हैं।
इस दौरान प्रधानाचार्या आराधना सिंह ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए सरकारी एवं निजी विद्यालयों के बीच शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए अभिभावकों से अपनी बेटियों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की अपील की।
कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथि वर्षा जैन, अरुणा सिंह, उदयभान सिंह एवं राजकपूर उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं चंद्रप्रभा, अर्चना राठौर, निर्मला त्यागी, मोनिका सिंह, श्वेता तिवारी, निशा, रजनी एवं दीपमाला का विशेष सहयोग रहा। वहीं भूकेश, कृष्णवीर, नकुल और सौरभ ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।
वार्षिकोत्सव ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बेटियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही शिक्षा, आत्मविश्वास और महिला सशक्तीकरण का प्रेरक संदेश दिया।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।