दीपावली पर सजी कलात्मकता की महफिल: दीया, कैंडल और पूजा थाली सजाओ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई अद्भुत रचनात्मकता
अब तक न्याय/देव ठाकुर
बिल्सी: नगर के स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बाबा इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को दीपावली पर्व के पावन उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए एक भव्य दिया, कैंडल (मोमबत्ती) एवं पूजा थाली सजाओ प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा पी.जी. से लेकर कक्षा-12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, निदेशिका साधना वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट कल्पनाशीलता एवं अनूठी कलात्मक प्रतिभा का बेहद शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आकर्षक रंगों, सजावटी सामग्रियों एवं कलात्मक डिजाइनों का बखूबी प्रयोग किया और सुंदर व सुसज्जित पूजा की थालियाँ, आकर्षक मोमबत्तियाँ तथा रंग-बिरंगे और मनमोहक दीये तैयार कर अपनी रचनात्मकता को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। प्रत्येक प्रतिभागी ने अपनी कला के माध्यम से कुछ नया और आकर्षक बनाने का प्रयास किया, जिसमें कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच दीया और कैंडल प्रतियोगिता में कक्षा-पी.जी. से श्रीजा माहेश्वरी, कक्षा-एन.सी. से कृतिका माहेश्वरी, कक्षा-के.जी. से काशवी जैन, कक्षा-1 से अथर्व, कक्षा-2 से वैदिक, कक्षा-3 से तान्शी, कक्षा-4 से अरनिमा, कक्षा-5 से तियाशा, कक्षा-6 से मान्या माहेश्वरी, कक्षा-7 से आराध्या वार्ष्णेय, कक्षा-8 से काव्या वार्ष्णेय तथा कक्षा-9 से तान्या माहेश्वरी ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विशेष रूप से आयोजित थाली सजाओ प्रतियोगिता में कक्षा-3 से देवेश सोलंकी, कक्षा-4 से एकता, कक्षा-5 से माही और कक्षा-6 से अनिका माहेश्वरी ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान का गौरव हासिल किया।
इस अवसर पर विजेता छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में लोग अपनी समृद्ध संस्कृति से जुड़े त्यौहारों को भूलते जा रहे हैं, ऐसे में इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और संस्कृति को बढ़ावा देने में काफी सहायक सिद्ध होंगे, इसलिए सभी विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपनी सभ्यता को जीवंत रखने में अपना अमूल्य योगदान देना चाहिए। वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने बच्चों के अद्भुत प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं बल्कि बच्चों के भीतर छिपी हुई प्रतिभा को पहचानना और उसे निखारना है, क्योंकि ऐसी रचनात्मक गतिविधियाँ बच्चों में आत्मविश्वास, एकाग्रता, धैर्य और सृजनात्मक सोच का विकास करती हैं; इसके साथ ही उन्होंने सभी से प्रदूषण रहित एवं शांतिप्रिय ढंग से दीपावली का पावन त्यौहार मनाने की अपील की। इस पूरे गरिमामयी और उल्लासपूर्ण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्टाफ सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
संवाद
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: