चार जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम आने वाले हैं। चुनाव मैदान में उतरने के साथ ही प्रत्याशियों ने जीत-हार का गणित लगाना शुरू कर दिया था। इनमें रीवा से जनार्दन मिश्रा मंदसौर से सुधीर गुप्ता और राजगढ़ से रोडमल नागर शामिल हैं। अपनी हैट ट्रिक बनाने के लिए इन्होंने पूरी ताकत लगा दी है


भोपाल। चार जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम आने वाले हैं। चुनाव मैदान में उतरने के साथ ही प्रत्याशियों ने जीत-हार का गणित लगाना शुरू कर दिया था। अब परिणाम की उल्टी गिनती शुरू होने के साथ ही जीत का रिकार्ड बनाने को लेकर भी कई प्रत्याशी आशान्वित हैं।

भाजपा सांसदों को राजगढ़ और रीवा में कड़ी टक्कर मिली

 

भाजपा के तीन लोकसभा सदस्य हैट ट्रिक की दौड़ में हैं। इनमें रीवा से जनार्दन मिश्रा, मंदसौर से सुधीर गुप्ता और राजगढ़ से रोडमल नागर शामिल हैं। अपनी हैट ट्रिक बनाने के लिए इन्होंने पूरी ताकत लगा दी है, पर कांग्रेस भी कड़ी टक्कर इन सीटों पर दे रही है। भाजपा सांसदों को राजगढ़ और रीवा में कड़ी टक्कर मिली है।

रीवा में जनार्दन मिश्रा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सिद्धार्थ तिवारी को हराया था। 2014 में उन्होंने सिद्धार्थ तिवारी के पिता सुंदरलाल तिवारी को पराजित किया था। इस बार पूर्व विधायक नीलम मिश्रा ने उन्हें कड़ी टक्कर दी है। जनार्दन मिश्रा जीतते हैं तो रीवा से हैट ट्रिक बनाने वाले वह पहले लोकसभा सदस्य होंगे।

इसी तरह राजगढ़ में भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर ने 2019 में कांग्रेस की मोना सुस्तानी और 2014 में नारायण अमलावे को पराजित किया था, पर इस बार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उन्हें कड़ी टक्कर दी है। यहां से सर्वाधिक पांच बार सांसद बनने का रिकार्ड दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह का है।

मंदसौर में सुधीर गुप्ता ने पिछले दो चुनावों में कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन को पराजित किया था। इस बार उनका मुकाबला दिलीप सिंह गुर्जर से रहा। यहां से भाजपा के लक्ष्मी नारायण पाण्डेय छह बार लगातार जीते थे।

कई रिकॉर्ड की बराबरी के दरवाजे पर

 

प्रदेश में लगातार सर्वाधिक आठ बार लोकसभा सदस्य रहने का रिकार्ड इंदौर से सुमित्रा महाजन का है। टीकमगढ़ से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार खटीक लगातार सातवीं बार जीतने के बाद आठवीं बार मैदान में उतरे। वह जीतते हैं तो सुमित्रा महाजन के रिकार्ड की बराबरी कर लेंगे। हालांकि, अंतराल के साथ गणना करें तो सर्वाधिक बार जीतने का रिकार्ड छिंदवाड़ा से कमल नाथ का है।

सतना से लगातार चार बार के सांसद गणेश सिंह पांचवीं बार लड़े हैं। वह जीतते हैं तो विदिशा से शिवराज सिंह चौहान, रतलाम से दिलीप सिंह भूरिया और ग्वालियर से माधव राव सिंधिया के लगातार पांच बार जीतने के रिकार्ड पर पहुंचेंगे। मंदसौर से लक्ष्मी नारायण पाण्डेय और उज्जैन से सत्य नारायण जटिया लगातार छह बार जीते थे, पर इस चुनाव में इस रिकार्ड तक पहुंचने की दौड़ में भाजपा-कांग्रेस से कोई नहीं है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।