बॉलीवुड की चुलबुली अभिनेत्री काजोल आज अपना 48वां जन्मदिन मना रही हैं। 5 अगस्त 1974 को जन्मी काजोल पिछले 30 वर्षों से इंडस्ट्री में एक्टिव हैं और अपने अभिनय के बल पर एक अलग पहचान बनाने में कामयाब रही हैं। काजोल दिग्गज अभिनेत्री तनुजा और दिवंगत निर्माता-निर्देशक शोमू मुखर्जी की बेटी हैं। फिल्मी परिवेश में पली-बढ़ी काजोल ने 16 साल की उम्र में ही बॉलीवुड में कदम रख दिया था और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपने अब तक के करियर में काजोल कई सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा रही हैं। आज उनके जन्मदिन के मौके पर हम आपको उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें बताने जा रहे हैं...
काजोल ने बॉलीवुड में अपने सफर की शुरुआत 1992 में आई फिल्म ‘बेखुदी’ से की थी। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तो कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन काजोल की एक्टिंग को सभी ने सराहा था। उस वक्त काजोल 16 साल की थीं और ऐसे में उन्होंने फिल्मों में काम करने के लिए अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी। 1993 में काजोल को शाहरुख खान और शिल्पा शेट्टी के साथ फिल्म ‘बाजीगर’ में काम करने का मौका मिला। इस फिल्म के बाद उनकी लोकप्रियता बढ़ती चली गई और वह कई बेहतरीन फिल्मों में नजर आईं। उनकी फिल्म 'दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में उन्हें बेहद पसंद किया गया था और यह 25 साल तक थिएटर में चलने वाली पहली फिल्म बनी थी। काजोल और अजय देवगन की मुलाकात ‘हलचल’ फिल्म के सेट पर हुई थी। काजोल ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि वह शॉट के लिए तैयार थीं और उन्होंने पूछा कि मेरा हीरो कहां है? अजय की तरफ इशारा करते हुए उन्हें बताया गया कि ये हीरो है। इस दौरान अजय बड़े ही अजीब ढंग से बैठे हुए थे और उन्हें वह पसंद नहीं आए। वहीं, अजय से मिलने से 10 मिनट पहले तक काजोल उनकी बुराई ही कर रही थी। दोनों की पहली मुलाकात अच्छी नहीं थी। हालांकि बाद में दोनों दोस्त बन गए और फिर दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। शुरुआत में अजय देवगन को काजोल का चुलबुला होना पसंद नहीं आया था, लेकिन बाद में वह इसलिए ही उन्हें पसंद करने लगे। काजोल के पिता शोमू मुखर्जी नहीं चाहते थे कि वह अजय देवगन से शादी करे। शोमू मुखर्जी का मानना था कि काजोल को 24 साल की उम्र में शादी न करके अपने करियर पर फोकस करना चाहिए। ऐसे में उन्होंने चार दिन तक काजोल से बात नहीं की थी, लेकिन काजोल अजय से शादी करना चाहती थीं। तनुजा और अजय देवगन के माता-पिता पहले ही मान गए थे और एक छोटे से समारोह में दोनों की शादी हो गई। बता दें कि काजोल और अजय की एक बेटी नीसा और बेटा युग हैं। काजोल की नेटवर्थ की बात करें तो उनके पास करोड़ों की संपत्ति है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार काजोल 24 मिलियन डॉलर यानी 180 करोड़ की मालकिन हैं। काजोल महीने में कम से कम एक करोड़ की कमाई कर लेती हैं और ऐसे उनकी सालाना आमदनी 12 करोड़ रुपये होती है। वहीं, इसी साल काजोल ने जुहू में दो आलीशान फ्लैट भी खरीदे हैं। फिल्मों और विज्ञापनों से भी उनकी बढ़िया कमाई होती है। इसके अलावा वह महंगी कारों की भी शौकीन हैं।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: