सायरन बजते ही थम गई रोशनी, गाजीपुर में हुआ ब्लैकआउट; युद्ध जैसे हालात में परखी गई सुरक्षा व्यवस्था


सायरन बजते ही थम गई रोशनी, गाजीपुर में हुआ ब्लैकआउट; युद्ध जैसे हालात में परखी गई सुरक्षा व्यवस्था

अफीम फैक्ट्री में एयर रेड मॉकड्रिल, हवाई हमले की चेतावनी से लेकर घायलों के रेस्क्यू और आग बुझाने तक का हुआ लाइव प्रदर्शन

गाजीपुर। अचानक सायरन बजा, बिजली गुल हुई और देखते ही देखते पूरा निर्धारित क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। यह किसी वास्तविक हमले का दृश्य नहीं, बल्कि रविवार शाम गाजीपुर में आयोजित युद्धकालीन आपातकालीन तैयारियों का अभ्यास था। कचहरी रोड स्थित शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाने में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से एयर रेड एवं सिविल डिफेंस मॉकड्रिल आयोजित की गई। इसमें हवाई हमले, ब्लैकआउट, आगजनी और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का सजीव प्रदर्शन किया गया।

शाम 5:30 से 6:30 बजे तक चले इस अभ्यास में सुरक्षा एजेंसियों और विभिन्न विभागों ने अपनी तैयारियों को परखा। शाम छह बजे सीआईएसएफ की ओर से मॉक एयर रेड सायरन बजाया गया। चेतावनी मिलते ही विद्युत विभाग ने निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके साथ ही ब्लैकआउट का अभ्यास शुरू हुआ। लोगों को अंधेरे में सुरक्षित रहने, अनावश्यक रोशनी से बचने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की प्रक्रिया समझाई गई।

इसके बाद शाम 6:10 बजे ऑल क्लियर सायरन बजते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस, नेहरू युवा केंद्र और आपदा मित्रों की टीम ने क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का प्रदर्शन किया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाने के उपकरणों के इस्तेमाल और आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

वहीं स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस की टीम ने घायलों की पहचान, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने का प्रदर्शन किया। मॉकड्रिल में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को भी शामिल किया गया।

अभ्यास के दौरान नागरिकों को बताया गया कि हवाई हमले की चेतावनी मिलने पर खुले स्थानों से दूर रहें, सुरक्षित स्थान पर शरण लें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। मोबाइल की टॉर्च और अन्य प्रकाश स्रोतों का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने की भी हिदायत दी गई।

मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने अभ्यास में शामिल सभी विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संयुक्त अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी राहत-बचाव व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी हैं।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, अफीम फैक्ट्री के प्रबंधक रजत तिवारी, सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट गोविन्द नारायण मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस, सीआईएसएफ, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व, विद्युत, शिक्षा, सूचना विभाग, नगर निकाय, एनसीसी, रेडक्रॉस, नागरिक सुरक्षा, भारत स्काउट एवं गाइड तथा आपदा मित्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

मॉकड्रिल के जरिए प्रशासन ने यह संदेश देने की कोशिश की कि आपदा या युद्ध जैसी किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में घबराहट के बजाय सतर्कता, आपसी समन्वय और समय पर कार्रवाई ही सबसे बड़ा बचाव है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।