बाल दिवस पर जगदम्बा इंटर कॉलेज में खेल प्रतियोगिताओं की धूम, विजेता विद्यार्थी सम्मानित
अर्जुन रौतेला आगरा। बाल दिवस के उपलक्ष्य में जगजीवन नगर, टेढ़ी बगिया स्थित श्री जगदम्बा इंटर कॉलेज में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य एवं निदेशक प्रमोद शर्मा तथा प्रधानाचार्य प्रदीप शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर एवं रिबन काटकर किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस दौरान कबड्डी, दौड़, रस्साकशी, खो-खो और लंबी कूद जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
पूर्व प्रधानाचार्य एवं निदेशक प्रमोद शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्री जगदम्बा इंटर कॉलेज के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा से क्षेत्र और समाज के साथ ही देशभर में संस्था का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों एवं माता-पिता का सम्मान करने, उनकी आज्ञा का पालन करने और अनुशासन में रहकर शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य प्रदीप शर्मा ने कहा कि खेलकूद से विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। मोबाइल के बढ़ते उपयोग की आदत को कम करने में शारीरिक खेलकूद महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन अध्यापिका नीतू बघेल एवं मनीषा शर्मा ने किया। विद्यालय के संरक्षक ओमनिवास यादव ने प्रतिभागियों तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जयप्रकाश, दिनेश चंद्र, भद्रा सोनी, रवि राठौर, नीलम सहित अन्य शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: