त्योहारों के सफर में सुरक्षा का भरोसा, रात के अंधेरे में भी यात्रियों के साथ खड़ी रहेगी पुलिस
आमोद कुमार
बांदा। त्योहारों पर घर लौटने की खुशी तब तक अधूरी है, जब तक रास्ते सुरक्षित न हों। रात का सफर, अनजान रास्ते और महिला यात्रियों की सुरक्षा की चिंता के बीच बांदा पुलिस और परिवहन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। छठ महापर्व के मद्देनजर पुलिस ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई है तो रोडवेज ने यात्रियों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी की है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के अनुसार, जनपद के प्रत्येक सर्किल में महिला पुलिसकर्मियों से युक्त एक विशेष पीआरवी तैनात की गई है। किसी भी आपात सूचना पर टीम तत्काल सहायता के लिए पहुंचेगी। अकेली यात्रा कर रही महिलाओं को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। प्रमुख मार्गों पर पीआरवी लगातार भ्रमणशील रहेंगी।वहीं, चित्रकूट मंडल के रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की उपलब्धता और भीड़ के आधार पर अलग-अलग मार्गों पर अतिरिक्त बसें संचालित की जा रही हैं, जिससे पर्व के दौरान यात्रियों को परिवहन संकट का सामना न करना पड़े।लेकिन किसी भी व्यवस्था की असली परीक्षा घोषणाओं से नहीं, उसके धरातल पर दिखाई देने वाले परिणामों से होती है।महिला यात्रियों को वास्तव में सुरक्षा मिले, बसें समय पर उपलब्ध हों और रात के सफर में सहायता तत्काल पहुंचे—तभी सरकारी इंतजामों का उद्देश्य पूरा होगा। आखिर त्योहार की खुशियां तभी मुकम्मल हैं, जब हर यात्री सुरक्षित अपने घर पहुंच सके।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: