रंजिश के चलते आटा चक्की में आग लगाने का आरोप, पीड़िता ने अटरिया थाने में दी तहरीर
अब तक न्याय सिधौली निर्दोष तिवारी
तीन दिन पहले भी दी गई थी आटा चक्की फूंकने और जान से मारने की धमकी, शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का लगाया आरोप
अटरिया, सीतापुर। थाना अटरिया क्षेत्र के ग्राम उनई का पुरवा मजरा उनई में आपसी रंजिश के चलते एक महिला की आटा चक्की में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता निर्मला गौतम पत्नी गुड्डू गौतम ने गांव के ही पांच लोगों पर रंजिशन उसकी आटा चक्की में आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता ने अटरिया थाने में लिखित शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिनी निर्मला गौतम की आटा चक्की गांव के बाहर झोपड़ी में संचालित होती है। बताया जा रहा है कि रोज की तरह बीती रात करीब 10 बजे निर्मला अपने पति के साथ आटा चक्की की झोपड़ी में सो रही थी। इसी दौरान आरोप है कि गांव के ही प्रेम सागर गौतम पुत्र स्वर्गीय छेदीलाल, दीपू गौतम पुत्र भगवान बक्श, भगवान बक्श पुत्र छेदीलाल, लवकुश गौतम पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र तथा नरेंद्र पुत्र टिकन ने कथित रूप से रंजिश के चलते आटा चक्की में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
झोपड़ी में आग की लपटें उठती देख निर्मला की आंख खुल गई। उसने तत्काल अपने पति को जगाया और शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद झोपड़ी में लगी आग पर काबू पाया। पीड़िता का आरोप है कि इस घटना में उसकी आटा चक्की और झोपड़ी को नुकसान पहुंचा है।
निर्मला गौतम ने अपने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि घटना से करीब तीन दिन पहले दीपू और प्रेम सागर उसकी आटा चक्की पर आए थे। उस दौरान दोनों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए आटा चक्की फूंक देने और जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़िता का कहना है कि पूर्व में धमकी दिए जाने के बाद अब आगजनी की घटना हुई है।
पीड़िता ने अटरिया थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उसका आरोप है कि शिकायती पत्र दिए जाने के बावजूद अभी तक पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलेगा और आटा चक्की में आग लगाए जाने के मामले में पुलिस कब जांच कर आरोपों की सच्चाई सामने लाएगी?
नोट: आगजनी और धमकी से संबंधित सभी आरोप पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: