निघासन, लखीमपुर खीरी।
निघासन तहसील मुख्यालय को जाने वाले मुख्य मार्ग पर लालपुर सेंटर के निकट सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क पर बना गहरा गड्ढा किसी बड़े हादसे को दावत दे रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक मरम्मत की कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं। स्कूली बच्चों, बाइक सवारों, साइकिल चालकों और अन्य राहगीरों को इस गड्ढे के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।
वहीं दूसरी ओर निघासन तहसील क्षेत्र के *जीत पुरवा गांव का मुख्य मार्ग भी पूरी तरह जर्जर हालत में पहुंच चुका है। सड़क की गिट्टी उखड़ चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इस कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के चलते आए दिन परेशानी होती है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।
अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है? क्या सड़क की मरम्मत के लिए किसी दुर्घटना का होना जरूरी है? तहसील मुख्यालय जाने वाले मार्ग और जीत पुरवा गांव की सड़क की बदहाली ने संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि लालपुर सेंटर के पास बने गहरे गड्ढे को तत्काल भरवाया जाए और जीत पुरवा गांव के क्षतिग्रस्त मुख्य मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि आम जनता और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: