पयागपुर में पुलिस और शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली
बहराइच। थाना पयागपुर क्षेत्र में बहराइच पुलिस की अन्तरजनपदीय शातिर अपराधी से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अपराधी थाना पयागपुर का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध जनपद बहराइच एवं अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक बहराइच सहित अन्य अधिकारीगण मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर जनपद में चोरियों के अनावरण और अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12/13.11.2026 की रात्रि को थाना पयागपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे के अंडरपास पुलिया के आगे एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की घटना कारित करने या चोरी का सामान बेचने की फिराक में निकलने वाला है।
सूचना पर थाना प्रभारी पयागपुर मय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया गया तो अपराधी ने रेलवे ट्रैक की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार घायल अपराधी की पहचान बब्बू पुत्र रामप्रसाद निवासी बबया, थाना पयागपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई। अभियुक्त के पास से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 खोखा कारतूस 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस 315 बोर, चोरी के सफेद धातु के 09 पायल, 11 बिछिया एवं 14,500 रुपये नगदी बरामद हुई।
प्राथमिक पूछताछ में घायल अपराधी बब्बू ने पयागपुर में हाल ही में एक चोरी करना स्वीकार किया है। घायल अपराधी को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक बहराइच ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगे की कार्यवाही प्रचलित है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: