जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हैं. राजौरी पुलिस ने PoK में बैठे एक आतंकी हैंडलर, मोहम्मद अरशद, की ₹81 लाख की अचल संपत्ति कुर्क की है.
- जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों का अभियान लगातार तेज हो रहा है. अब आतंकियों और उनके मददगारों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ सीमा पार बैठकर आतंकी नेटवर्क संचालित करने वालों की आर्थिक कमर तोड़ने की कोशिश की जा रही है. इसी कड़ी में राजौरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में बैठे एक आतंकी हैंडलर की करीब 81 लाख रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर ली है.
-
- यह कार्रवाई राजौरी जिले के थानामंडी पुलिस स्टेशन की ओर से की गई है. पुलिस के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्ति मोहम्मद अरशद पुत्र नूर हुसैन निवासी खबलान, थानामंडी की है. सूत्रों के मुताबिक, मोहम्मद अरशद PoK में बैठकर आतंकी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क को संचालित कर रहा है.
- 2 कनाल 14 मरला जमीन पर पुलिस का शिकंजा
- पुलिस ने खबलान गांव में स्थित उसकी कुल 2 कनाल और 14 मरला जमीन को कुर्क किया है. यह जमीन खसरा नंबर 125, 128 और 160 के अंतर्गत आती है. इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 81 लाख रुपये बताई गई है.
-
- पुलिस ने ये कार्रवाई थानामंडी पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR नंबर 04/2011 के तहत की है. ये मामला EIMCO एक्ट की धारा 2/3 से संबंधित है. संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई CrPC की धारा 87/88 के तहत की गई है.
- 2026 में 10 आतंकी हैंडलरों की करोड़ों की संपत्ति अटैच
- राजौरी पुलिस के मुताबिक, आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक PoK में बैठे 10 आतंकी हैंडलरों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं. दरअसल, सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि सीमा पार बैठे आतंकी हैंडलर स्थानीय नेटवर्क के जरिए आतंकवाद को बढ़ावा देने, आतंकियों को मदद पहुंचाने और आतंकी गतिविधियों के लिए संसाधन जुटाने में भूमिका निभाते हैं. ऐसे में अब आतंकियों के साथ-साथ उनके आर्थिक और लॉजिस्टिक सपोर्ट सिस्टम पर भी सीधा प्रहार किया जा रहा है.
- राजौरी पुलिस ने साफ किया है कि आतंकवादी नेटवर्क और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
- यानी अब जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ लड़ाई सिर्फ हथियारों से नहीं, बल्कि उनके आर्थिक साम्राज्य और सीमा पार से संचालित होने वाले पूरे आतंकी इकोसिस्टम को ध्वस्त करने के मोर्चे पर भी लड़ी जा रही है.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: