भारतीय सेना ने पोखरण में जेट पावर्ड कामिकेज ड्रोन के फील्ड ट्रायल शुरू किए हैं, 2000 करोड़ की इस परियोजना से सेना 450 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाले 540 ड्रोन खरीदेगी.


भारतीय सेना अपनी मारक क्षमता बढ़ाने के लिए एक बड़ा कदम उठा रही है. राजस्थान के पोखरण में सेना ने जेट पावर्ड कामिकेज ड्रोन सिस्टम यानी JBKDS के फील्ड ट्रायल शुरू कर दिए हैं. करीब 2 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत सेना 540 जेट इंजन वाले कामिकेज ड्रोन खरीदने की तैयारी कर रही है. इस ड्रोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी रफ्तार है. सामान्य प्रोपेलर वाले लोइटरिंग म्यूनिशन की रफ्तार करीब 150 से 200 किलोमीटर प्रति घंटा होती है, जबकि जेट पावर्ड कामिकेज ड्रोन करीब 450 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकेगा.

 

इस ज्यादा रफ्तार की वजह से दुश्मन के ठिकानों तक कम समय में पहुंचकर हमला करना आसान होगा. साथ ही दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम के लिए इसे रोकना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है. इस परियोजना को 26 अक्टूबर 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली रक्षा अधिग्रहण परिषद यानी DAC से Acceptance of Necessity (AoN) की मंजूरी मिली थी.

18 कंपनियों ने लगाई थी बोली

इसके बाद फास्ट ट्रैक प्रोक्योरमेंट प्रक्रिया के तहत खरीद की दिशा में काम आगे बढ़ा. इस प्रोजेक्ट के लिए रक्षा क्षेत्र की करीब 60 कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई थी. इनमें से 18 कंपनियों ने औपचारिक बोली लगाई, जबकि शुरुआती जांच के बाद 10 कंपनियां अगले चरण में पहुंची हैं. इन कंपनियों में भारत फोर्ज, वेदा एयरोनॉटिक्स, निबे, अडानी डिफेंस, एसएमपीपी, एनआरटी, टोनबो, म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड, अपोलो माइक्रो सिस्टम्स और जेन टेक्नोलॉजीज शामिल हैं.

 

सैन्य जरूरतों के हिसाब से परखा जाएगा

पोखरण में चल रहे ट्रायल के दौरान अलग-अलग कंपनियों के ड्रोन की क्षमता, रफ्तार, प्रदर्शन और सैन्य जरूरतों के हिसाब से उनकी उपयोगिता परखी जाएगी. आधुनिक युद्ध में कामिकेज ड्रोन और लोइटरिंग म्यूनिशन की भूमिका तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में जेट इंजन वाले इन स्वदेशी ड्रोन की खरीद से भारतीय सेना को दुश्मन के अहम सैन्य ठिकानों पर तेज और सटीक हमला करने की नई क्षमता मिल सकती है. ये परियोजना भारतीय सेना की स्वदेशी और आधुनिक ड्रोन तकनीक को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है.

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।