दुकान से सामान खरीद रहे युवक पर हथौड़े से हमला, सिर पर किए कई वार; CCTV में कैद हुई घटना
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 की सब्जी मंडी स्थित सर्राफा मार्केट में गुरुवार दोपहर पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपी ने युवक के सिर पर हथौड़े से कई वार किए और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से भागने की कोशिश की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घायल की पहचान 30 वर्षीय निशांत उर्फ भूरा पुत्र राजेंद्र के रूप में हुई है, जबकि हमला करने वाला आरोपी विक्की गौतम (34) बताया जा रहा है। दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर विक्की ने कथित तौर पर हथौड़े से निशांत के सिर पर कई वार कर दिए।
गंभीर रूप से घायल निशांत को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए यशोदा अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विक्की को हिरासत में ले लिया।
सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर उपासना पांडेय ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे सेक्टर-9 चौकी क्षेत्र में दो व्यक्तियों के बीच मारपीट हुई थी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: