68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात, 75वें दिन भूख हड़ताल का ऐलान
आंदोलन के 73वें दिन प्रतिनिधिमंडल ने पंकज चौधरी से रखी पीड़ा, नियुक्ति शेड्यूल जारी करने की मांग पर अड़े अभ्यर्थी
रिपोर्ट — सुधीर वर्मा
अब तक न्याय
लखनऊ, 12 नवंबर 2026।
68500 शिक्षक भर्ती आरक्षण प्रकरण को लेकर ईको गार्डन, लखनऊ में अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के 73वें दिन गुरुवार को भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से उनके आवास पर मुलाकात कर अपनी समस्याएं और लंबे समय से लंबित नियुक्ति की मांग को प्रमुखता से रखा।
प्रतिनिधिमंडल में आंदोलन के नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा, तूफान सिंह तथा धरना प्रभारी नवीन चौधरी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष को दीपावली की शुभकामनाएं देने के साथ ही पिछले आठ वर्षों से चल रहे संघर्ष और लगातार 73 दिनों से जारी आंदोलन की स्थिति से अवगत कराया।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि उनका मामला उच्च स्तर पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा सरकार की ओर से मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
‘सरकार के खिलाफ नहीं, न्याय और नियुक्ति के लिए संघर्ष’
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन सरकार के विरोध के लिए नहीं, बल्कि अपने अधिकार, न्याय और नियुक्ति की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार उनकी अपनी सरकार है और वे टकराव नहीं, बल्कि 68500 शिक्षक भर्ती प्रकरण का शीघ्र समाधान तथा नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने की अपेक्षा कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के 7 जुलाई 2026 के आदेश/संस्तुति का हवाला देते हुए कहा कि 10 सितंबर 2026 को बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास पर हुई उच्चस्तरीय विभागीय बैठक में नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में निर्णय लिया गया था। अभ्यर्थियों की मांग है कि उक्त निर्णय के अनुरूप सरकार तत्काल कार्रवाई करते हुए नियुक्ति का शेड्यूल जारी करे।
‘नवरात्र से दीपावली और भैया दूज तक आंदोलन में बीते पर्व’
आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने भावुक होकर कहा कि नवरात्र से लेकर दीपावली और भैया दूज तक उनके अनेक पर्व आंदोलन स्थल पर ही बीत गए। उनका कहना है कि वे लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं और अब चाहते हैं कि आने वाला कोई भी पर्व आंदोलन के बीच न गुजरे। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
75वें दिन से क्रमिक तीन दिवसीय भूख हड़ताल की चेतावनी
अभ्यर्थियों ने आंदोलन को लेकर अगला कदम भी घोषित किया है। उनका कहना है कि यदि आंदोलन के 75वें दिन तक धरातल पर ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं देती है, तो आंदोलन के नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा और प्रभावित अभ्यर्थी उत्कर्ष सिंह निवासी बस्ती क्रमिक रूप से तीन दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि इसके बाद भी यदि नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो क्रमिक भूख हड़ताल को आगे भी जारी रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी अभ्यर्थी के स्वास्थ्य को क्षति पहुंचती है तो इसकी जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा मंत्री, बेसिक शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों तथा उत्तर प्रदेश सरकार की होगी।
मुख्यमंत्री और एनडीए के घटक दलों से हस्तक्षेप की अपील
आंदोलन के नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार तथा एनडीए गठबंधन के घटक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र सकारात्मक समाधान कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियुक्ति का शेड्यूल जारी होने से अभ्यर्थियों को न्याय मिलेगा और लंबे समय से चले आ रहे आंदोलन का समाधान भी संभव होगा।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि अभ्यर्थियों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक नियुक्ति का शेड्यूल जारी नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग को सरकार तक पहुंचाते रहेंगे।
आंदोलन में रंजना जायसवाल, सुमन यादव, उत्कर्ष पटेल, अनस, हरजीत सिंह, मनोज कुमार, अमित सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: