राकेश पांडे, ब्यूरो चीफ गोरखपुर
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच पटरी से उतरने से हड़कंप मच गया। ट्रेन अनवरगंज से गोरखपुर जा रही थी। हादसा प्लेटफॉर्म नंबर-7 से ट्रेन के रवाना होने के कुछ देर बाद हुआ। इस दौरान बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं मिली और सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
ट्रेन संख्या 15003 बुधवार शाम करीब 5:03 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन से रवाना हुई थी। स्टेशन से आगे बढ़ते ही अचानक ट्रेन के चार एसी कोच बेपटरी हो गए। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे के अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और राहत दल तत्काल मौके पर पहुंचे। कानपुर सेंट्रल के डिप्टी चीफ ट्रैफिक मैनेजर आकांशु गोविल की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
तेज झटके के बाद यात्रियों में मची भगदड़
एक यात्री ने बताया कि वह परिवार के साथ छठ पूजा के लिए घर जा रहा था। उसकी सीट बी-6 कोच में 78 नंबर पर थी। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी और अचानक तेज झटका लगा। उसका बच्चा भी झटके के कारण गिर गया। यात्रियों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई और वे कोच से बाहर निकलने लगे। बाहर आने पर पता चला कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए हैं।
वहीं, कानपुर से देवरिया जा रहे यात्री संजीव त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन के रवाना होते ही तेज आवाज सुनाई दी। उनका कोच एक तरफ झुकने लगा और खड़खड़ाहट होने लगी। इसके बाद यात्री अपना सामान लेकर सुरक्षित स्थान पर उतर गए।
स्पेशल ट्रेन से गोरखपुर के लिए रवाना किए गए यात्री
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित चारों कोच में करीब 300 यात्री सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ठहराया गया। यात्रियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इसके बाद रात करीब 9 बजे स्पेशल ट्रेन संख्या 05003 से उन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जो यात्री आगे की यात्रा नहीं करना चाहते हैं, उन्हें टिकट काउंटर से टिकट का पूरा रिफंड दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बावजूद स्टेशन पर रेल यातायात बाधित नहीं हुआ।
जांच कमेटी करेगी हादसे के कारणों की पड़ताल
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवम शर्मा ने बताया कि फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है। प्रभावित कोचों को पटरी पर चढ़ाने और यात्रियों की व्यवस्था पूरी होने के बाद जांच कमेटी गठित की जाएगी। कमेटी दुर्घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए रेलवे प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
- कानपुर सेंट्रल: 0512-2323018, 0512-2323016, 0512-2323015
- प्रयागराज जंक्शन: 0532-2408128, 0532-2407353, 0532-2408149
- फतेहपुर स्टेशन: 9151833006
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों से किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: