मारपीट के घायल पीड़ित को नहीं मिला न्याय! डायल 112 के पहुंचने में साढ़े तीन घंटे की देरी, कमलापुर थाने की कार्यशैली पर उठे सवाल
ठिठूरा निवासी दयाराम ने चार लोगों पर वेलचे और डंडों से मारपीट का लगाया आरोप, पुलिस अधीक्षक सीतापुर से निष्पक्ष जांच की मांग
सिधौली, सीतापुर। तहसील सिधौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसईडीह के मजरा ठिठूरा में 10 नवंबर 2026 की रात मारपीट का मामला सामने आया है। गांव निवासी दयाराम पुत्र स्वर्गीय रतई ने चार लोगों पर वेलचे और डंडों से मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों में दिनेश कुमार पुत्र स्वर्गीय शिवराम, रजनेश पुत्र स्वर्गीय शिवराम, शिवरानी पत्नी स्वर्गीय शिवराम तथा रामकिशुन पुत्र स्वर्गीय कलिका निवासी ग्राम ठिठूरा शामिल हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना रात करीब 7:00 से 7:30 बजे के बीच हुई। घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई, लेकिन पुलिस करीब रात 11 बजे मौके पर पहुंची। परिवार ने पुलिस के पहुंचने में लगभग साढ़े तीन घंटे की देरी पर सवाल उठाए हैं।
आरोप है कि इसके बाद पीड़ित परिवार जब शिकायत लेकर कमलापुर थाने पहुंचा तो उनकी फरियाद को गंभीरता से नहीं सुना गया। मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध न होने के कारण शिकायत दर्ज कराने में भी परेशानी हुई। परिवार का कहना है कि रात के समय थाने पहुंचने के बावजूद उन्हें अपेक्षित पुलिस सहायता नहीं मिल सकी।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक सीतापुर से सवाल किया है कि मारपीट में घायल व्यक्ति जब मदद के लिए पुलिस को सूचना देता है, तो उसे समय पर सहायता क्यों नहीं मिलती? थाने में शिकायत लेकर पहुंचने वाले पीड़ित की बात गंभीरता से सुनना पुलिस की जिम्मेदारी है। परिवार ने डायल 112 के पहुंचने में हुई देरी और कमलापुर थाने में शिकायत के दौरान हुए व्यवहार की जांच कराने की मांग की है।
परिवार ने घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराने, शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करने और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह है कि पुलिस अधीक्षक सीतापुर इस मामले का संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए क्या कार्रवाई करते हैं।
नोट: खबर पीड़ित पक्ष के आरोपों पर आधारित है। पुलिस का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होना शेष है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: