फरह के भीमनगर में युवक ने पेड़ पर लगाई फांसी, एक दिन बाद मिला शव; परिवार में मचा कोहराम
मथुरा जनपद के कस्बा फरह क्षेत्र के गांव भीमनगर के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना भीमनगर के समीप शंकरलाल के खेत की बताई जा रही है, जहां युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मृतक की पहचान संदीप पुत्र सूबेदार निवासी समसाबाद, आगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संदीप मूल रूप से समसाबाद क्षेत्र के लखुरानी गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार संदीप घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। जब उसकी तलाश शुरू की गई तो भीमनगर के पास शंकरलाल के खेत पर पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने लगभग एक दिन पहले फांसी लगाई थी। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और छह वर्षीय बेटी साक्षी को छोड़ गया है। बेटी की मासूम आंखों में अपने पिता को खोने का दर्द साफ दिखाई दे रहा है, जिससे हर किसी का दिल पसीज गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों के बीच युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: